पीएम मोदी के जन्मदिन पर देशभर के नेताओं ने दी बधाई, वाराणसी के हनुमान मंदिर में की गई विशेष प्रार्थना

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 73वें जन्मदिन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और देश-विदेश के अन्य नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी। भाजपा इस खास मौके को चिन्हित करने के लिए कई कल्याणकारी पहलों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने के लिए आज से 2 अक्तूबर यानी की महात्मा गांधी की जयंती तक “सेवा पखवाड़ा” भी शुरू करेगी।

राष्ट्रपति मुर्मू ने दी बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पीएम मोदी को उनके 73वें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह कामना करती है कि मोदी अपनी दूरदर्शिता और मजबूत नेतृत्व से अमृत काल के दौरान हर क्षेत्र में भारत के विकास का मार्ग प्रशस्त करें। वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी ने देश की प्राचीन विरासत के आधार पर एक भव्य और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखी है। उन्होंने आगे कहा, ‘पार्टी संगठन हो या सरकार, हमें मोदी जी से हमेशा राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की प्रेरणा मिलती है।’

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, ‘पीएम मोदी ने भारतीय संस्कृति की वैश्विक प्रतिष्ठा, लोगों के विकास और राष्ट्र की प्रगति को एक उचित आकार दिया है।’ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए नड्डा ने कहा, ‘अंत्योदय’ का हमारा ध्येय आज देश के प्रत्येक गांव में व समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर ‘विकसित भारत’ के संकल्प सिद्धि का मंत्र बन गया है।

केंद्रीय मंत्रियों ने जन्मदिन की बधाई दी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए कहा, ‘पीएम मोदी ने न केवल भारत को एक नईं पहचान दी है. बल्कि संपूर्ण विश्व में उनका मान भी बढ़ाया है। लोक कल्याण और गरीब कल्याण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध मोदी जी ने भारत को नई बुलंदियों तक पहुंचाया है।’ केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने भी पीएम मोदी को उनके 73वें जन्मदिन की बधाई दी।

उन्होंने कहा, ‘गरीबों को बिना भ्रष्टाचार के सीधे योजनाओं का लाभ प्रधानमंत्री मोदी ने पहुंचाया है। लोगों की सेवा ऐसे ही आगे करने के लिए भगवान उन्हें बल दे।’  उत्तर प्रदेश के वाराणसी के संकल्प सिद्धि हनुमान मंदिर में प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर 73 किलो का लड्डु का केक बनाया गया और विशेष प्रार्थना भी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds