गिरफ्तारी के बाद पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू का बयान, बोले- मैनें कोई भ्रष्टाचार नहीं किया

हैदराबाद। आंध्र प्रदेश पुलिस ने आज सुबह तड़के राज्य के पूर्व सीएम व तेलुगु देशम पार्टी के अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू को गिरफ्तार कर लिया है। नायडू को कौशल विकास कोर्पोरेशन घोटाले से संबंधित मामले में सीआईडी की ओर से अरेस्ट वारंट जारी करने के बाद गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, चंद्रबाबू नायडू ने अपनी गिरफ्तारी को गलत बताया है और कहा है कि उन्होंने कोई भ्रष्टाचार नहीं किया है।

क्या बोले नायडू?

पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद चंद्रबाबू नायडू ने अपनी गिरफ्तारी का विरोध किया है। नायडू ने मीडिया से कहा कि उन्हें बिना किसी उचित जानकारी के गिरफ्तार कर लिया गया। नायडू ने कहा कि उन्होंने कोई कदाचार या भ्रष्टाचार नहीं किया। उन्होंने पुलिस पर कोई भी सबूत न दिखाने और बिना किसी भूमिका के एफआईआर में उनका नाम जोड़ने का आरोप लगाया है।

अवैध रूप से गिरफ्तारी
चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी पर टीडीपी प्रवक्ता कोम्मारेड्डी पट्टाभिराम ने कहा कि कल रात से आंध्र प्रदेश पुलिस और सीआईडी ​​ने चंद्रबाबू नायडू को अवैध रूप से गिरफ्तार करने की प्रक्रिया शुरू की थी। उन्होंने उन सभी नेताओं को अवैध रूप से हिरासत में लिया है जो चंद्रबाबू नायडू के साथ थे। प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि बीते दो साल से कौशल विकास मामले का नाटक चल रहा है। चुनाव से ठीक पहले सरकार ने चंद्रबाबू नायडू को एक भ्रष्ट राजनेता के रूप में ब्रांड करने के लिए इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया है। लोग जानते हैं कि यह जगन मोहन हैं। रेड्डी पूरे देश में सबसे भ्रष्ट राजनेता हैं।

नायडू के बेटे भी गिरफ्तार
चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के बाद आंध्र प्रदेश पुलिस ने उनके बेटे नारा लोकेश को भी हिरासत में ले लिया है। लोकेश की गिरफ्तारी पूर्वी गोदावरी जिले में की गई। पिता की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही लोकेश उनसे मिलने के लिए रवाना हुए थे। हालांकि, पुलिस द्वारा अनुमति न मिलने पर वह सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds