CG – कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रायपुर पहुंचे, राजनांदगांव में 8 सितंबर को करेंगे जनसभा संबोधित

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा-कांग्रेस के शीर्ष नेता लगातार छत्‍तीसगढ़ का दौरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे गुरुवार को छत्‍तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे। खरगे पहले 8 सितंबर को राजनांदगांव में कांग्रेस के भरोसा सम्‍मेलन में शामिल होंगे। जहां में जनसभा को संबोधित करेंगे।

कांग्रेस के अध्‍यक्ष खरगे के छत्तीसगढ़ दौरे पर रविंद्र चौबे ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की आठ सितंबर को राजनांदगांव में विशाल जनसभा है। इसी परिपेक्ष्य में गुरुवार को मल्लिकार्जुन खरगे रायपुर आ रहे हैं। यहां कांग्रेस के बड़े नेताओं, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रभारी, और मंत्रियों से चर्चा करेंगे। चुनाव का समय आ गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन में हम सबको मिलेगा।

कांग्रेस के दावेदारों ने भरोसे का सम्मेलन की तैयारी में झोंकी ताकत
विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया के बीच आठ सितंबर को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे राजनांदगांव पहुंच रहे हैं। वे सोमनी से लगे ग्राम ठेकवा में भरोसे का सम्मेलन को संबोधित करेंगे। संभावना जताई जा रही है कि उसके एक-दो दिन बाद प्रत्याशियों की घोषणा भी हो सकती है। ऐसे में टिकट के दावेदार सम्मेलन में भीड़ जुटाकर अपना दावा मजबूत करने कोई कसर नहीं छोड़ना चाह रहे। सभी नेता शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में हैं।

उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम में एक लाख किसानों को लाने का लक्ष्य रखा गया है। भाजपा के गढ़ माने जाने वाले क्षेत्र में कांग्रेस का बड़ा चुनावी आयोजन होने जा रहा है। इस कारण यह सभी के लिए चुनौती बन गया है। संगठन की तरफ से ग्रामीण जिलाध्यक्ष भागवत साहू व शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने कमान संभाल रखी है।

महापौर हेमा देशमुख के अलावा युवा आयोग के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार, युवा नेता निुखिल द्विवेदी तैयारी में जुटे हैं। सभी दावेदार हैं। सहकारी बैंक के अध्यक्ष नवाज खान ग्रामीण क्षेत्र में किसानों के बीच जाकर उन्हें आमंत्रित कर रहे हैं। इस बीच छत्तीसगढ़ कांग्रेस के सहप्रभारी डा. चंदन यादव व प्रदेश कांग्रेस महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू ने बुधवार को ग्राम ठेकवा में प्रस्तावित भरोसे का सम्मेलन की तैयारी का जायजा लिया।

उन्होंने तैयारियों की समीक्षा की। खरगे का राजनांदगांव में प्रथम बार आगमन हो रहा है। वे यहां पर भरोसे का सम्मेलन में कार्यकर्ताओं के साथ किसानों को संबोधित करेंगे। पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कांग्रेसजनों ने अपनी तैयारियों के बारे में विस्तार से चंदन यादव एवं मलकीत सिंह गैंदू को जानकारी दी।

जुटेगा पूरा मंत्रिमंडल
सम्मेलन में केंद्रीय नेताओं के साथ ही छत्तीसगढ़ का पूरा मंत्रिमंडल जुटेगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डा. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, सप्तगिरीशंकर उल्का, विजय जांगिड विशेष रूप से शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button