कनाडा में शादी समारोह में गोलीबारी, दो की मौत, अमेरिकी नागरिकों समेत छह घायल

टोरंटो : कनाडा के ओटावा में एक शादी समारोह के दौरान गोलीबारी की घटना हुई है। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है और छह अन्य घायल हो गए हैं। गोलीबारी की वजह अभी तक पता नहीं चल सकी है और पुलिस द्वारा इसकी जांच की जा रही है। वहीं घायलों में अमेरिकी नागरिक भी हैं। हालांकि अमेरिकी नागरिकों की हालत खतरे से बाहर है।

पार्किंग में चली गोलियां

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना शनिवार देर रात की है। जब ओटावा के साउथ एंड कन्वेंशन हॉल में दो शादियों के रिसेप्शन आयोजित किए जा रहे थे। इसी दौरान कन्वेंशन हॉल की पार्किंग में अचानक से गोलियां चलने की आवाजें आईं। गोलियों की आवाज सुनकर लोग घबरा गए और शादी समारोहों में भगदड़ मच गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां कई लोग घायल मिले। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायलों में से दो ने दम तोड़ दिया। वहीं छह अन्य लोगों का अस्पाल में इलाज चल रहा है। मरने वाले दोनों युवक करीब 26 और 29 साल के हैं। दोनों कनाडा के सबसे बड़े शहर टोरंटो को निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि वह घटना की जांच कर रही है और गोलीबारी की वजह पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने कहा कि घृणा अपराध या नस्ल या धर्म के आधार पर गोलीबारी होने के सबूत नहीं मिले हैं लेकिन पुलिस इन आशंकाओं से इनकार भी नहीं कर रही है। अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

बता दें कि कनाडा में हाल के सालों में गोलीबारी की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं। साल 2023 में ही ओटावा में गोलीबारी की 12 घटनाएं हुई हैं। साल 2009 के मुकाबले कनाडा में गोलीबारी की घटनाएं 81 प्रतिशत बढ़ गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds