‘सीरिया का शैतान’ नाम से था कुख्यात एयरफोर्स चीफ सुरोविकिन को पुतिन ने किया बर्खास्त

मॉस्को: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गद्दार जनरल सर्गेई सुरोविकिन को एयरोस्पेस चीफ के पद से बर्खास्त कर दिया है। सर्गेई सुरोविकिन को वैगनर विद्रोह के बाद से ही हिरासत में ले लिया गया था। उन पर वैगनर चीफ येवगेनी प्रिगोझिन का साथ देने का आरोप लगा था। रूसी जांच एजेंसियों ने दावा किया थआ कि जनरल सुरोविकिन को विद्रोह के बारे में हफ्तों पहले से पता था, लेकिन उन्होंने पुतिन को यह जानकारी न देकर देशद्रोह किया। 23 जून को प्रिगोझिन के नेतृत्व में हजारों वैगनर लड़ाकों ने मॉस्को की ओर कूच किया था। उनका मकसद पुतिन को रूस की सत्ता से हटाकर तख्तापलट करना था।

वैगनर से दोस्ती की मिली सजा

सुरोविकिन को आखिरी बार वैहगर विद्रोह के दौरान लड़ाकों को पीछे लौटने का अनुरोध करते सुना गया था। उसके बाद से ही उनका ठिकाना अज्ञात है। मॉस्को टाइम्स की रूसी सेवा ने कुछ दिनों बाद रिपोर्ट दी कि सुरोविकिन को सशस्त्र विद्रोह के मद्देनजर गिरफ्तार किया गया था। अनाम अमेरिकी अधिकारियों ने न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया कि सुरोविकिन को वैगनर नेता येवगेनी प्रिगोझिन की विद्रोह शुरू करने की योजना के बारे में पहले से जानकारी थी। रूसी रक्षा मंत्रालय और क्रेमलिन ने सुरोविकिन की गिरफ्तारी की कई रिपोर्टों पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

विक्टर अफजालोव को बनाया एयरफोर्स चीफ

आरआईए नोवोस्ती ने बताया कि रूसी एयरोस्पेस फोर्सेज के पूर्व प्रमुख सर्गेई सुरोविकिन को फिलहाल उनके पद से मुक्त कर दिया गया है। सुरोविकिन की जगह अस्थायी तौर पर उनके डिप्टी रहे कर्नल जनरल विक्टर अफजालोव को तैनात किया गया है। बंद हो चुके एको मोस्किवी रेडियो स्टेशन के प्रधान संपादक अलेक्सी वेनेडिक्टोव ने कहा कि सुरोविकिन की बर्खास्तगी राष्ट्रपति पुतिन के आदेश से हुई है, लेकिन उन्होंने अपने स्रोतों का नाम नहीं बताया। सुरोविकिन को वैगनर और रूस के रक्षा मंत्रालय के बीच मुख्य मध्यस्थ के रूप में देखा जाता रहा है।

सीरिया के शैतान की मिली थी उपाधि

जनरल सर्गेई सुरोविकिन को पिछले साल अक्टूबर में रूसी वायु सेना की कमान सौंपी गई थी। जनरल सुरोविकिन को सीरिया में अपनी क्रूर बमबारी रणनीति के लिए ‘जनरल आर्मगेडन’ या ‘सीरिया के शैतान’ के रूप में जाना जाता है। ‘अर्मागेडॉन’ बाइबल के न्यू टेस्टामेंट के अनुसार, ‘जजमेंट डे’ से पहले अच्छाई और बुराई के बीच होने वाला निर्णायक युद्ध है। पुतिन ने 2017 में सुरोविकिन को रूस के सर्वोच्च सम्मान ‘हीरो ऑफ रसिया’ मेडल से सम्मानित किया था और उन्हें ‘फुल जनरल’ के रूप में पदोन्नत किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds