इसरो का मजाक उड़ाने वाले पूर्व पाकिस्तानी मंत्री हुए तारीफ करने को मजबूर, कहा- चंद्रयान-3 मिशन ऐतिहासिक

इस्लामाबाद : भारत के चंद्रयान-3 मिशन पर दुनियाभर के लोगों की निगाहें अटकी हुई हैं। हर कोई इसे लैंड करते हुए देखना चाहता है। जो पड़ोसी देश वर्षों से भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का मजाक बना रहे थे, आज उनके मुंह से भी वाहवाही सुनने को मिल रही है। दरअसल, पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद हुसैन ने भारत के तीसरे चंद्र मिशन की प्रशंसा की। इतना ही नहीं, उन्होंने इसे मानव जाति के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया।

पाकिस्तानी मीडिया से किया यह अनुरोध

इमरान खान शासन के तहत पूर्व विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री रहे फवाद ने भारत को बधाई दी। साथ ही, अपने देश से बुधवार शाम को चंद्रयान -3 की चंद्रमा लैंडिंग का प्रसारण करने का आग्रह किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पहले भारत को बधाई दी।

फिर कहा कि पाकिस्तान की मीडिया को भारत का चंद्रयान-3 जब बुधवार शाम छह बजकर 15 मिनट पर चांद पर लैंड करेगा तब उसे लाइव दिखाना चाहिए।उन्होंने कहा कि यह मानव जाति के लिए ऐतिहासिक क्षण है। खासकर, भारत के लोगों, वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष से जुड़े लोगों के लिए।

पहले भी दे चुके बधाई

बता दें, यह पहली बार नहीं है, जब फवाद ने भारत को बधाई दी। इससे पहले उन्होंने 14 जुलाई को भारत के अंतरिक्ष और विज्ञान समुदाय को बधाई दी थी, जब इसरो ने तीसरा चंद्रमा मिशन लॉन्च किया था।

वर्षों पहले उड़ाया था मजाक

हालांकि, इससे पहले पूर्व पाकिस्तानी मंत्री भारत की अंतरिक्ष एजेंसी का काफी मजाक बना चुके हैं। साल 2019 में जब चंद्रयान -2 मिशन लॉन्च करने पर उन्होंने मोदी सरकार पर हमला किया था। उन्होंने कहा था कि किसी अज्ञात क्षेत्र में 900 करोड़ रुपये लगाना बुद्धिमानी नहीं है। बाद में, चंद्रयान -2 मिशन असफल हुआ तो उन्होंने ‘इंडिया फेल्ड’ हैशटैग का इस्तेमाल किया था।

अब जानिए कब होगी लैंडिंग

चंद्रयान-3 बुधवार यानी 23 अगस्त को ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करेगा। इसे लेकर पूरा देश आशांवित है। उम्मीद भरी नजरें इन लम्हों को लाइव देखना चाहती हैं। ISRO ने बताया है कि चंद्रयान-3 बुधवार को शाम छह बजकर चार मिनट पर चांद पर उतरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds