लॉगिन

आज से विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप, पहली बार स्वर्ण पदक जीतने उतरेंगे नीरज चोपड़ा

Sports August 19, 2023 रिपोर्टर: shailesh
आज से विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप, पहली बार स्वर्ण पदक जीतने उतरेंगे नीरज चोपड़ा

आज से विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप, पहली बार स्वर्ण पदक जीतने उतरेंगे नीरज चोपड़ा

नई दिल्ली : नीरज चोपड़ा के खाते में ओलंपिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेल से लेकर डायमंड लीग का खिताब जा चुका है, लेकिन वह अब तक विश्व चैंपियन नहीं बन पाए हैं। बुडापेस्ट में शनिवार से शुरू होने वाली विश्व चैंपियनशिप में भालाफेंक खिलाड़ी नीरज पहली बार विश्व विजेता बनने का लक्ष्य साधेंगे। बीते साल यूजीन (अमेरिका) में नीरज स्वर्ण जीतने रह गए थे, लेकिन इस बार वह सीजन में अपराजित हैं। उन्होंने दोहा और लुसान डायमंड लीग का खिताब जीता है।

नीरज अगर विश्व चैंपियन बनते हैं तो शूटर अभिनव बिंद्रा के बाद ओलंपिक और विश्व चैंपियन बनने वाले देश के दूसरे खिलाड़ी होंगे। शनिवार को भारतीय अभियान की शुरुआत 3000 मीटर स्टीपलचेज में अविनाश साबले, लांग जंपर शैली सिंह, त्रिकूद में प्रवीण चित्तरवेल, अब्दुल्ला अबुबाकर, एल्डोस पॉल और 1500 मीटर में अजय कुमार सरोज करेंगे।

27 को होगा भालाफेंक का फाइनल

भालाफेंक का फाइनल 27 अगस्त को खेला जाएगा, लेकिन क्वालिफाइंग दौर दो दिन पहले से ही शुरू हो जाएंगे। पांच मई को दोहा में और 30 जून को लुसान में डायमंड लीग जीतने के बाद नीरज मांसपेशियों में खिचाव के कारण चोटिल हो गए। वह लगभग दो माह तक सत्र से बाहर रहे। नीरज का कहना है कि वह ओलंपिक के समकक्ष इस बड़ी इवेंट के लिए तैयार हैं। उच्चस्तर पर बड़े एथलीटों के बीच खेलना और निरंतरता बनाए रखना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगा और अगर ऐसा होता है तो मैं पहले से बेहतर तरीके से वापसी करूंगा।

वाडलेज्च और वीबर से होगा मुकाबला

25 वर्षीय नीरज ने कहा कि चोटिल होने के चलते उन्हें कुछ कंपटीशन से दूर रहना पड़ा। उसके बाद वह लुसान डायमंड लीग में खेले, जहां उनका प्रदर्शन बेहतर रहा। वह अपने प्रदर्शन और अभ्यास से संतुष्ट हैं। नीरज को बुडापेस्ट में टोक्यो ओलंपिक में रजत जीतने वाले चेक रिपब्लिक के जैकब वाडलेज्च, गत विजेता ग्रेनाडा के एंडर्सन पीटर्स और यूरोपियन चैंपियन जर्मनी के जूलियन वीबर से टक्कर मिलेगी। वाडलेज्च और वीबर ने इस सत्र में नीरज को हराया तो नहीं है, लेकिन उनसे अच्छा प्रदर्शन जरूर किया है। 32 वर्षीय वाडलेज्च ने 13 जून को पावो नूरमी गेम्स में 89.51 मीटर दूर भाला फेंका, जो इस सत्र में किसी भी जेवेलिन थ्रोअर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वह अपनी छठी विश्व चैंपियनशिप में खेलने के लिए 21 जुलाई को मोनाको डायमंड लीग जीतकर आए हैं।

नीरज का इस सत्र में 88.67 मीटर रहा है सर्वश्रेष्ठ

नीरज का इस सत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन लुसान में 88.67 मीटर रहा है। जूलियन वीबर ने 8 जुलाई को 88.72 मीटर के साथ जर्मन खिताब जीता। चोट से उबरने के बाद फिटनेस से जूझ रहे पीटर्स का दोहा में 85.88 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। वह 93.07 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ से काफी दूर हैं। डीपी मनु और किशोर जेना भालाफेंक में दूसरे भारतीय दावेदार हैं। जेना का हंगरी दूतावास ने वीजा जारी कर दिया, जिससे उनके विश्व चैंपियनशिप में खेलने रास्ता साफ हो गया।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds