ताइवान को ड्रैगन की धमकी, सीमा के नजदीक चीनी वायुसेना और नौसेना ने शुरू किया संयुक्त युद्धाभ्यास

ताइवान : चीन की वायुसेना और नौसेना ने ताइवान की सीमा के नजदीक पेट्रोलिंग और संयुक्त युद्धाभ्यास शुरू कर दिया है। ताइवान की सीमा के नजदीक चीन के इस युद्धाभ्यास को धमकी माना जा रहा है। बता दें कि चीन की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है, जब हाल ही में ताइवान के उपराष्ट्रपति विलियम लाई ने पेराग्वे जाते हुए अमेरिका में भी कुछ देर के लिए रुके। इससे चीन नाराज बताया जा रहा है।

चीनी सेना ने दी धमकी

चीनी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ ने चीनी सेना की ईस्टर्न थिएटर कमांड के प्रवक्ता के हवाले से बताया कि ताइवान की सीमा के नजदीक पेट्रोलिंग और युद्धाभ्यास नौसेना और एयरफोर्स के बीच समन्वय को बेहतर करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। चीनी सेना ने कहा कि युद्धाभ्यास के दौरान असल युद्ध के हालात में सेना की क्षमता को परखा जाएगा। चीनी सेना ने ये भी कहा कि यह युद्धाभ्यास ताइवान की आजादी के लिए विदेशी सांठ-गांठ और उकसावे वाली कार्रवाई के खिलाफ कड़ी चेतावनी है।

ताइवान ने भी दिया करारा जवाब

वहीं सीमा के नजदीक चीन के युद्धाभ्यास करने पर ताइवान की सरकार ने कड़ी आपत्ति जताई है। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर इस युद्धाभ्यास को उकसावे वाली कार्रवाई बताया है। ताइवान ने कहा कि वह भी इसके जवाब में अपने सैनिकों की तैनाती करेंगे। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि हाल के सालों में चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की तरफ से लगातार ताइवान के उत्पीड़न के लिए फाइटर प्लेन और जहाज भेजे जा रहे हैं। इससे क्षेत्रीय सुरक्षा को नुकसान होता है। गौरतलब है कि जब ताइवान के उप-राष्ट्रपति विलियम लाई ने अमेरिका का दौरा किया था, तब भी चीन ने इसकी आलोचना की थी और कड़े कदम उठाने की बात कही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds