कांग्रेस नेता ने ठगे तीन लाख रुपये, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

कबीरधाम : पांडातराई थाना क्षेत्र के कुम्ही गांव निवासी पीड़ित केशव राम पुत्र सोनदास ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की है। उन्होंने बताया कि वह एमए व बीएड पास कर चुके हैं। वर्ष 2019 में अंग्रजी माध्यम स्कूल पामगढ़ (जांजगीर-चांपा) में शिक्षक पद के लिए नाम आया था, लेकिन हिंदी माध्यम होने के कारण नियुक्त पत्र रुका हुआ था। इसी दौरान पीड़ित केशव का संपर्क कांग्रेस नेता राजेंद्र मारकंडे निवासी ग्राम मगरवाह थाना सहसपुर लोहारा जिला कबीरधाम से हुआ।
राजेंद्र मारकंडे ने केशव से दावा किया कि उसका मंत्री व अन्य कांग्रेस के बड़े नेताओं से संपर्क है। वह उसकी नौकरी लगवा देंगे। इसके बाद केशव ने राजेंद्र मारकंडे को तीन लाख रुपये दे दिए, लेकिन तीन साल बाद भी नौकरी नहीं लगी। रुपये वापसी को लेकर कई बार गुहार लगाई, लेकिन राजेंद्र मारकंडे ने रुपये वापस नहीं किए। आखिरकार केशव ने एसपी कार्यालय में शिकायत की। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।