भारत छोड़ो आंदोलन’ की बरसी पर महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी लिए गए हिरासत में

मुंबई : महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी को हिरासत में लिया गया है। तुषार ने खुद ट्वीट कर इसकी पुष्टि की है। तुषार गांधी ने बताया कि वे मुंबई में ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की बरसी मनाने के लिए निकले थे, लेकिन उन्हें सांता क्रूज पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

तुषार गांधी ने ट्वीट किया, स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार मुझे हिरासत में लिया गया, मैं 9 अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन की बरसी मनाने के लिए घर से निकला था, मुझे सांता क्रूज स्टेशन में हिरासत में ले लिया गया। मुझे गर्व है कि मेरे परदादा बापू और बा को भी इस ऐतिहासिक तारीख पर ब्रिटिश पुलिस ने गिरफ्तार किया था। हालांकि, बाद में तुषार गांधी ने ट्वीट कर बताया कि पुलिस ने अब उन्हें जाने की अनुमति दे दी है, वे अगस्त क्रांति मैदान की ओर जा रहे हैं।

हर साल ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की बरसी पर निकलता है मार्च

हर साल ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की बरसी पर पीपुल्स मूवमेंट के तौर पर गिरगांव चौपाटी पर तिलक प्रतिमा से अगस्त क्रांति मैदान तक मार्च निकाला जाता है। आरोप है कि पुलिस ने बुधवार सुबह तुषार गांधी और तीस्ता सीतलवाड़ को मार्च में शामिल न होने के लिए कहा था और पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

तुषार के साथ साथ 50 कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया। वहीं, तीस्ता सीतलवाड़ को घर में रहने के लिए कहा गया है। तीस्ता सीतलवाड़ ने ट्वीट कर बताया कि मुझे मार्च में शामिल होने से रोकने के लिए मेरे घर के बाहर 20 जवानों की पुलिस टुकड़ी को तैनात किया गया है। तुषार गांधी का पूरा नाम तुषार अरुण गांधी है। उनके पिता अरुण मणिलाल गांधी थे। तुषार मणिलाल गांधी के पोते हैं। वे अपने परिवार के साथ मुंबई में रहते हैं। तुषार गांधी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी नजर आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds