एनएच-53 पर मवेशियों के झुंड पर चढ़ी बस, 17 पशुओं की मौत, वाहन छोड़कर चालक फरार

महासमुंद : जिले में एक सवारी बस के चालक ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर 17 मवेशियों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद चालक वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया।

सरायपाली से रायपुर की ओर जा रही बस के चालक ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर कोडार काष्ठागार के सामने सड़क पर बैठे मवेशियों के एक झुंड पर वाहन चढ़ा दिया।इससे 17 मवेशियों की मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस को छोड़ चाबी लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी कुछ स्थानीय लोगों ने तुमगांव पुलिस को दी।

मौके पर पहुंचे प्रभारी मनोरथ जोशी ने पहले राजमार्ग पर लग रहे वाहनों के जाम को बहाल किया। फिर मवेशियों के शव को हटाने व बस को राजमार्ग से हटाने के लिए नगर पालिका महासमुंद से जेसीबी मंगाकर शवों को हटाया। उन्होंने बताया कि घटना में कुल 17 मवेशियों की मौत हुई है। जिसमें गोवंश शामिल हैं।

राजमार्गों से मवेशियों को हटाने पर प्रशासन गंभीर नहीं

बता दें कि वैसे तो सालभर सड़कों पर मवेशी दिखते है पर बरसात के दिनों में गीली जगह से बचने के लिए मवेशी सड़कों पर अपना बसेरा बना लेते हैं। शहरों में आवारा मवेशियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई तो की जाती है पर शहर के बाहर खासकर राष्ट्रीय व राज्यमार्गों पर बैठे मवेशियों को पकड़ने पर प्रशासन गंभीर नहीं है।

बरसात के दिनों में आवारा मवेशियों के सड़क पर घूमने और बैठने से कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिछले साल भी कई मवेशियों को भारी वाहनों की टक्कर और कुचलने से गोधन की हानि भी हुई है। साथ ही मवेशियों के टकरा जाने से छोटे वाहन चालकों की मौत व घायल होने के लगातार मामले आ चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds