तीन बार के विजेता भारत की जीत से शुरुआत, चीन को 7-2 से हराया; पाकिस्तान को मिली हार

चेन्नई : विश्व नंबर चार और तीन बार के विजेता भारत ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में जीत से शुरुआत की है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह और वरुण कुमार के दो-दो गोल की बदौलत भारतीय टीम ने चीन को 7-2 से पराजित कर दिया। भारतीय टीम मध्यांतर तक 6-2 की बढ़त पर थी, लेकिन दूसरे हाफ में चीन की रक्षापंक्ति ने भारतीय हमलों को सफल नहीं होने दिया। भारत ने सात में से छह गोल पेनाल्टी कॉर्नर पर किए। इससे पहले मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम पर गत विजेता कोरिया ने पिछडऩे के बाद जापान को 2-1 से हराया। वहीं मलयेशिया ने तीन बार के विजेता पाकिस्तान को 3-1 से परास्त किया।

पहले दो गोल हरमनप्रीत ने किए

भारत को खेल के पांचवें मिनट में पहला पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे हरमनप्रीत ने आसानी से गोल में बदल दिया। तीन मिनट बाद दूसरे पेनाल्टी कॉर्नर को हरमनप्रीत ने फिर गोल में बदल बढ़त 2-0 कर दी। पहला क्वार्टर समाप्त होने से कुछ सेकंड पहले सुखजीत सिंह ने रिबाउंड पर रिवर्स हिट के जरिए गोल किया। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही आकाशदीप सिंह ने मैदानी गोल कर भारत की बढ़त 4-0 कर दी।

चार गोल से पिछड़ने के बाद चीन ने किए दो गोल

चार गोल से पिछड़ने के बाद चीन की टीम हरकत में आई। 18वें मिनट में वरुण कुमार अपने हाफ में गेंद को सही से रोक नहीं पाए। वेनहुई ने इसे अपने कब्जे में लेते हुए गोल कर स्कोर 1-4 कर दिया। एक मिनट बाद ही भारत को छठा पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे वरुण कुमार ने गोल में बदलकर भारत को 5-1 से आगे कर दिया। 25वें मिनट में चीन को दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले। दूसरे पर जेईशेंग गाओ ने इसे गोल में बदल स्कोर 2-5 कर दिया। दूसरा क्वार्टर खत्म होने से पहले भारत को सातवां पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे वरुण कुमार ने एक बार फिर गोल में बदल बढ़त 6-2 कर दी।

मंदीप ने किया सातवां गोल

तीसरे क्वार्टर में भारत ने आठवें पेनाल्टी कॉर्नर को विविधता के जरिए गोल में बदला। हरमनप्रीत ने सीधे गोल पर निशाना साधने के बजाय मंदीप को तेज पास दिया। उन्होंने इस पर स्टिक लगाकर गोल में पहुंचा दिया। भारत की बढ़त 7-2 हो गई। इसके बाद भारत को गोल करने के कई मौके मिले, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। पूरे मैच में भारत को नौ और चीन को चार पेनाल्टी कॉर्नर मिले। मनप्रीत सिंह को उनके शानदार खेल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

पाकिस्तान को मिली हार

इससे पहले दिन के दूसरे मैच में मलयेशिया ने तीन बार के विजेता पाकिस्तान को 3-1 से हराया। दूसरे क्वार्टर में मलयेशिया ने दो मिनट के अंदर 2-0 की बढ़त ली। पहला गोल फैजल सारी ने किया। प्लेयर ऑफ द मैच फिरहान अशरी ने दूसरा गोल किया। मध्यांतर पर मलयेशिया 2-0 की बढ़त पर था। तीसरे क्वार्टर में पाकिस्तान को लगातार तीन पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वह किसी को भी गोल में नहीं बदल सके। काउंटर अटैक पर मलयेशिया ने 3-0 की बढ़त ले ली। अब्दुल रहमान ने पाकिस्तान के लिए गोल कर स्कोर 1-3 किया। पाकिस्तान को पूरे मैच में सात पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन उसने एक भी गोल नहीं किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds