कांग्रेस प्रदेश चुनाव समिति के चेयरमैन बने दीपक बैज, कमेटी में सीएम भूपेश और सिंहदेव भी शामिल

रायपुर : विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस प्रदेश चुनाव समिति का ऐलान कर दिया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को इस समिति का चेयरमैन बनाया गया है। इसके अलावा समिति में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव शामिल हैं।

इस संबंध में आदेश भी जारी हो गया है। समिति में मुख्यमंत्री के अलावा विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, मंत्री रविंद्र चौबे, मंत्री मोहन मरकाम, सीनियर विधायक सत्यनारायण शर्मा, धनेंद्र साहू समेत तमाम बड़े नेता को जगह दी गई है।

मंत्री अकबर बनेंगे कांग्रेस घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष

डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कांग्रेस घोषणा पत्र समिति का अध्यक्ष पद लेने से इनकार कर दिया है। जिसके बाद चुनाव से जुड़ी इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मंत्री मोहम्मद अकबर को दिए जाने की खबर है। हाईकमान की ओर से इस जिम्मेदारी के लिए ऐसे चेहरे की तलाश की गई, जिसकी राजनीतिक समझ तो बेहतर हो ही साथ ही प्रदेश की तासीर के साथ जनभावनाओं को भी बखूबी समझता हो और इन सभी मापदण्डों में मंत्री अकबर बिल्कुल फिट बैठते हैं। अकबर कांग्रेस का परखा और खरा चेहरा भी है इसलिए इनका घोषणा पत्र समिति का अध्यक्ष बनना लगभग तय हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds