नहीं थम रहा कुश्ती का विवाद, विनेश-बजरंग की डायरेक्ट एंट्री से बढ़ी नाराजगी; जानें पूरा मामला

नई दिल्ली : भारतीय कुश्ती में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब एशियाई खेलों में विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया को सीधे टीम में शामिल किए जाने पर बवाल हो रहा है। पहले पहलवान अंतिम पंघाल ने एशियाई खेलों के लिए विनेश फोगाट को डायरेक्ट एंट्री मिलने पर नाराजगी जताई और अब विशाल कालीरमन ने बजरंग को मौका दिया जाने पर अपना गुस्सा जाहिर किया है। दोनों पहलवानों ने वीडियो जारी कर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
अंतिम ने क्या कहा?
अंतिम ने एक वीडियो में अपनी बात कही है। उन्होंने कहा “विनेश को एशियाई खेलों के लिए सीधे प्रवेश दिया गया है, इसके बावजूद कि उन्होंने पिछले एक साल से अभ्यास नहीं किया है। मैंने 2022 जूनियर विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। राष्ट्रमंडल खेलों के ट्रायल में भी उनके साथ मेरा मुकाबला 3-3 की बराबरी पर था, तब भी मेरे साथ धोखा हुआ था और मुझे हार मिली थी। क्या मुझे कुश्ती छोड़ देनी चाहिए? मैं बस एक निष्पक्ष सुनवाई चाहती हूं। मैं यह नहीं कह रही हूं कि केवल मैं ही उसे हरा सकती हूं, कई महिला पहलवान हैं जो ऐसा कर सकती हैं।”
अंतिम ने यह भी कहा कि विनेश ने पिछले एक साल में कोई बड़ी उपलब्धि नहीं हासिल की है। इसके बावजूद उन्हें बिना किसी ट्रायल के एशियाई खेलों में भेजा जा रहा है। यह निराश करने वाला फैसला है।
विशाल ने क्या कहा?
एशियाई खेलों के लिए बिना किसी ट्रायल के बजरंग को टीम में चुने जाने पर पहलवान विशाल कालीरमन ने कहा “मैं भी 65 किग्रा से भार वर्ग में खेलता हूं और एशियाई खेलों के लिए बजरंग पूनिया को बिना किसी ट्रायल के सीधे प्रवेश दिया गया है। वे एक साल से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि हम अभ्यास कर रहे हैं। हम एक ट्रायल की अपील करते हैं… हम कोई एहसान या लाभ नहीं चाहते। कम से कम एक ट्रायल होना चाहिए अन्यथा हम अदालत जाने के लिए तैयार हैं… हम अदालत के समक्ष अपील करेंगे। हम 15 वर्षों से अभ्यास कर रहे हैं। अगर बजरंग पुनिया इस बात से इंकार करते हैं कि वह एशियाई खेलों में नहीं खेलेंगे तभी किसी और को मौका मिलेगा।”