सलमान रुश्दी बोले- मुझे आते हैं ‘डरावने सपने’, बीते साल न्यूयॉर्क में चाकू से हुआ था घातक हमला

लन्दन : सलमान रुश्दी ने पहली बार पिछले साल अगस्त में न्यूयॉर्क में उन पर हुए चाकू से घातक हमले के बाद “डरावने सपने” आने के बारे में बात की है। हमले में मुंबई में जन्मे लेखक की एक आंख की रोशनी चली गई थी और सदमे के मानसिक प्रभाव से छुटकारा पाने के लिए एक चिकित्सक से अपना इलाज कर रहे हैं।

पिछले साल हुआ था हमला

76 वर्षीय बुकर पुरस्कार विजेता लेखक लगभग एक साल पहले मंच पर थे, जब हत्या के प्रयास के आरोप में जेल में बंद संदिग्ध हादी मतार ने उन पर 10 बार चाकू से हमला किया था। इस सप्ताह बीबीसी से बात करते हुए रुश्दी ने कहा कि वह इस बात को लेकर दुविधा में हैं कि अदालत में अपने कथित हमलावर का सामना करना है या नहीं, क्योंकि उसने खुद को दोषी नहीं मानने की दलील दी है।

मुझे डरावने सपने आते हैं: रुश्दी

ब्रिटिश-अमेरिकी उपन्यासकार ने कहा, मैं एक बहुत अच्छे चिकित्सक की देखरेख में हूं, जिसे मुझे ठीक करने के लिए अभी बहुत सारा काम करना है। मुझे डरावने सपने आते हैं। रुश्दी ने कहा कि अगर आरोपी अपनी दलील में खुद को दोषी स्वीकार कर लेता है तो वास्तव में कोई मुकदमा नहीं चलेगा, सिर्फ उसे सजा होगी और यह भी हो सकता है कि तब मेरी उपस्थिति की आवश्यकता नहीं हो। मैं इसे लेकर दुविधा में हूं। मेरा एक मन है जो चाहता है कि मैं अदालत में जाऊं और उसका सामना करूं, लेकिन मेरा दूसरा मन इस मामले को लेकर परेशान हो जाता है।

इस बारे में मेरी राय बहुत ज्यादा अच्छी नहीं है और मुझे लगता है कि अब मेरे लिए जो महत्वपूर्ण है वह यह है कि हम अपने जीवन को जारी रखने में सक्षम हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह इस साल के अंत में मतार के कोर्ट ट्रायल में शामिल होने की योजना बना रहे हैं, तो उन्होंने कहा, मैं अपने काम में काफी व्यस्त हूं, आप जानते हैं, मैं इसी के साथ आगे बढ़ रहा हूं।

हमले की चोटों के कारण उनका लीवर क्षतिग्रस्त हो गया, एक आंख की रोशनी चली गई और हाथ की तंत्रिका (Nerve) क्षति के कारण उनका हाथ लकवाग्रस्त हो गया है। मिडनाइट्स चिल्ड्रन के लेखक रुश्दी ने कहा, मानव शरीर में ठीक होने की अद्भुत क्षमता है। और इसलिए मैं भाग्यशाली हूं कि मैं इस रास्ते पर चल रहा हूं। उनका कहना है कि वह शारीरिक रूप से “कमोबेश ठीक” महसूस कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds