चंदू चैंपियन के लिए कार्तिक ने कसी कमर, लन्दन में इस दिन से शुरू करेंगे फिल्म की शूटिंग

मुंबई : अपनी मेहनत और अभिनय कौशल के दम पर बॉलीवुड में मुकाम हासिल करने वाले कार्तिक आर्यन इस समय बैक टू बैक फिल्मों पर काम कर रहे हैं। ‘भूल भुलैया 2’ हिट के बाद तो मानो अभिनेता के पास ऑफर की झड़ी सी लग गई है। जहां एक तरफ कार्तिक की फिल्म ‘सत्यप्रेम की कथा’ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है, वहीं अभिनेता की अगली फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ की घोषणा भी हो चुकी है। कार्तिक के फैंस उन्हें स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म में देखने के लिए बेकरार हैं और उन्हीं प्रशंसकों के लिए हमारे पास ‘चंदू चैंपियन’ को लेकर एक बड़ा अपडेट है।

‘सत्यप्रेम की कथा’ में सत्यप्रेम का किरदार निभाकर लोगों की वाहवाही लूटने के बाद अब कार्तिक ने कबीर खान के निर्देशन में बनने जा रही फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ के लिए कमर कस ली है। अभिनेता के पास इतना भी समय नहीं है कि वह कियारा आडवाणी संग अपनी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म की सक्सेस एंजॉय कर सकें। दरअसल, खबर है कि कार्तिक आर्यन ने अपने बिजी शेड्यूल को देखते हुए बिना देर किए कबीर खान की इस अपकमिंग फिल्म की शूटिंग करने का तय किया है। यह हम नहीं बल्कि ‘चंदू चैंपियन’ के निर्माता साजिद नाडियाडवाला ने ईटाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में बताया है।

कार्तिक आर्यन के पास बहुत सारे कमिटमेंट्स हैं, जिसके चलते उनका आने वाला साल काफी व्यस्त होने वाला है। ऐसे में वह कबीर खान के साथ अपनी अगली फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ की शूटिंग शुरू कर रहे हैं। निर्माता साजिद नाडियाडवाला ने बताया, ‘हमारी टीम कल से लंदन में चंदू चैंपियन की शूटिंग शुरू करने जा रही है। कबीर खान ने एक शानदार फिल्म लिखी है।’

कुछ समय पहले इस बात की पुष्टि भी हो गई है कि कबीर खान निर्देशित और कार्तिक आर्यन अभिनती इस फिल्म में अभिनेता के साथ कौन सी बॉलीवुड हसीना रोमांस फरमाएगी। एक मीडिया रिपोर्ट की मानें तो ‘चंदू चैंपियन’ की लीड एक्ट्रेस के नाम पर भी मुहर लग गई है। इसमें कार्तिक के अपोजिट श्रद्धा कपूर नजर आएंगी। इस रिपोर्ट में सूत्र के जरिए बताया है कि श्रद्धा कपूर ने आधिकारिक तौर पर फिल्म के लिए साइन कर लिया है। हालांकि, अभी इसको लेकर कोई आधिकारिक एलान नहीं किया गया है।

कबीर खान के निर्देशन में बनने जा रही इस फिल्म की कहानी मुरलीकांत पेटकर के जीवन पर आधारित होगी। ‘चंदू चैंपियन’ 14 जून, 2024 को रिलीज होने वाली है। मुरलीकांत पेटकर स्वर्ण पदक विजेता है, जिन्होंने 1970 के राष्ट्रमंडल खेलों में और फिर 1972 में जर्मनी में आयोजित पैरालंपिक में उन्होंने देश को गौरवान्वित महसूस कराया। खबरों की मानें, तो कार्तिक से पहले इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत को कास्ट किया जाना था, लेकिन अफसोस ऐसा हो न सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds