हिंसा करने वाले अपने पैदा होने वाले दिन को कोसेंगे’, राज्यपाल बोस ने दी कड़ी सजा की चेतावनी

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना जारी है। यहां आठ जुलाई को कड़ी सुरक्षा के मतदान संपन्न हुआ था। उसमें लगभग 5.67 करोड़ मतदाताओं ने 73,887 सीटों के लिए मतदान किया था। इन सीटों पर मतों की गिनती जारी है। इस दौरान कई जगहों से हिंसा की भी खबरें आ रही हैं।

राज्य के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने हिंसा फैलाने वालों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा है कि हिंसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। राज्यपाल ने कहा कि जो लोग हिंसा करते हैं, उन्हें ऐसी सजा दी जाएगी कि वे अपने पैदा होने वाले दिन को कोसेंगे।

क्या बोले राज्यपाल सीवी आनंद बोस

राज्य में पंचायत चुनाव के लिए मतदान के दौरान राज्यव्यापी हिंसा हुई है। इसे लेकर राज्यपाल ने एक दिन पहले दिल्ली में गृहमंत्री शाह के साथ मुलाकात भी की थी। वहीं अब उन्होंने कहा कि हम निश्चित रूप से उन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे जो इसके लिए जिम्मेदार हैं।

राज्यपाल ने कहा कि जो लोग राजनीतिक नियंत्रण कक्ष में बैठते हैं और मैदान में गुंडों को अपने रिमोट से कंट्रोल करते हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। हिंसा नई पीढ़ी के भविष्य को प्रभावित कर रही है।  जो लोग हिंसा करते हैं, उन्हें ऐसी सजा दी जाएगी कि वे अपने पैदा होने वाले दिन को कोसेंगे। सभी अधिकारी गुंडों और कानून तोड़ने वालों पर सख्ती से कार्रवाई करेंगे।

राज्यपाल ने कहा कि हम बंगाल को नई पीढ़ी के रहने के लिए एक सुरक्षित स्थान बनाएंगे। उन्होंने कहा कि बंगाल में बढ़ती हिंसा के खिलाफ लगातार लड़ाई जारी रहेगी। गुंडे और कानून तोड़ने वालों से सभी अधिकारी सख्ती से पेश आएंगे।

दिल्ली में गृहमंत्री शाह से की थी मुलाकात

इससे पहले, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस रविवार को नई दिल्ली पहुंचे थे। यहां सोमवार को उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से नॉर्थ ब्लॉक में मुलाकात भी की। इस दौरान दोनों के बीच, बंगाल में हाल ही में हुई हिंसा पर बातचीत हुई। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि रोशनी से ठीक पहले अंधकार होता है। आज मुझे जो एकमात्र संदेश मिला वह यह है कि अगर सर्दी का मौसम आता है तो क्या वसंत बहुत पीछे रह सकता है? आने वाले दिनों में अच्छा होगा।

शनिवार को हुआ था मतदान

गौरतलब है, पश्चिम बंगाल में शनिवार को पंचायत चुनाव हुए थे। इस दौरान पूरे सूबे में जमकर हिंसा हुई। खूब तोड़फोड़, पथराव और आगजनी हुई। राजनीतिक लड़ाई के चलते छह जिलों में लगभग 20 लोगों की हत्या कर दी गई थी। 300 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। कहीं पोस्टल बॉक्स को लूट लिया गया तो कहीं खूब बम चले। कूचबिहार में पोलिंग बूथ में तोड़फोड़ के बाद उपद्रवियों ने बैलेट पेपर्स में ही आग लगा दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds