पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

जगदलपुर : जिले के बस्तर थाना क्षेत्र में बीते दिनों पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने दूसरे युवक पर जानलेवा हमला कर दिया, घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

बस्तर थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि 4 जुलाई की रात जगदलपुर में गोंचा त्यौहार देखकर मनबोध कश्यप अपने बेटे के साथ वापस अपने घर बस्तर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए मनबोध बेटे के साथ ग्राम बेसरापाल में स्थित अपने एक दोस्त मंगल के घर में रुक गया।

यहां वह बारिश रुकने का इंतजार करने लगा। इसी बीच कमलोचन कश्यप वहां से गुजर रहा था, उसे देखते ही मनबोध ने कमलोचन से पुरानी रंजिश को लेकर गाली गलौच करना शुरू कर दिया। गाली सुनते ही कमलोचन ने भी मनबोध का विरोध करना शुरू दिया।

इसके बाद कमलोचन और मनबोध दोनों आपस में हाथापाई करने लगे। इसी दौरान मनबोध ने पास में रखे एक लोहे के रॉड से कमलोचन पर हमला कर दिया। इस हमले में कमलोचन घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद मनबोध अपने बेटे के साथ वहां से फरार हो गया। इसके बाद कमलोचन ने इस मामले को लेकर गुरुवार को मनबोध के खिलाफ थाने में मामला दर्ज करवाया। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपी मनबोध कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds