पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव का मतदान जारी, भाजपा उम्मीदवार का आरोप- टीएमसी के गुंडों ने मुझ पर बम फेंका

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में हिंसा के बीच पंचायत चुनाव में 73 हजार से अधिक सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद पंचायत चुनाव के दौरान राज्य में केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। केंद्रीय बलों के करीब 83 हजार जवानों की मतदान केंद्रों पर तैनाती की गई है। केंद्रीय बलों के साथ 19 राज्यों की सशस्त्र पुलिस भी बंगाल में तैनात है, जिन्हें चुनाव के दौरान सुरक्षा का जिम्मा दिया गया है।

हिंसा के लिए ममता बनर्जी जिम्मेदार: सुवेंदु अधिकारी

पश्चिम बंगाल में जारी हिंसा के बीच विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कह है कि राज्य में गुंडों और पुलिस की मिलीभगत है इसलिए इतनी हत्या हो रही हैं। ममता बनर्जी हिंसा के लिए ज़िम्मेदार हैं।

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने पंचायत चुनाव के बीच उत्तर 24 परगना जिले का दौरा किया। उन्होंने कहा कि मैं सुबह से ही फील्ड में हूं… लोगों ने मेरे काफिले को रोककर मुझसे बात की। उन्होंने, उनके आस-पास हो रही घटनाओं के बारे में बताया। लोगों ने बताया कि गुंडे उन्हें मतदान केंद्र तक नहीं जाने दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि आसपास हत्याएं हो रही हैं… ये चिंता का विषय है…चुनाव बैलेट बॉक्स से होना चाहिए, बुलेट से नहीं।

बंगाल हिंसा पर आया भाजपा नेता का बयान

भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने कहा बंगाल में जारी हिंसा पर कहा कि जब चुनाव आयोग और राज्य सरकार मिलकर निर्णय ले लें कि सत्तारूढ़ टीएमसी चुनाव में लूट करें, तो अब जो हो रहा है वह हो रहा है। केंद्रीय बल यहां आए लेकिन उन्हें बूथों पर नहीं भेजा गया। ऐसी स्थिति बनाई गई कि पूरे चुनाव में लूट हो जाए… अभी तक 4 लोगों की मृत्यु हो गई है। एक तो TMC के अंदर ही लड़ाई है और दूसरा TMC के लोग बीजेपी और अन्य पार्टियों पर हमला कर रही है… हम इसे जनता का चुनाव नहीं कह सकते।

मतदान केंद्र पर उपद्रवियों ने देर रात किया हमला

कूच बिहार के सीताई में मतदान केंद्र में हुई तोड़फोड़ को लेकर प्रथम मतदान पदाधिकारी अशोक राय का बयान आया है। उन्होंने कहा कि कल रात 2 बजे एक दल के कुछ लोग आए और बैलेट बॉक्स में पानी डाला। इसके बाद सुबह 7 बजे एक अन्य दल के लोग आए और उन्होंने यहां पर तोड़फोड़ की।

भाजपा उम्मीदवार का आरोप- टीएमसी के गुंडों ने मुझ पर बम फेंका

पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव के दौरान कूचबिहार के फलीमारी ग्राम पंचायत में एक मतदान केंद्र पर गुंडों के हमले में भाजपा उम्मीदवार के पोलिंग एजेंट माधव विश्वास की मौत हो गई। घायल होने के बाद उम्मीदवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, बूथ पर मतदान रोक दिया गया है। उम्मीदवार माया बर्मन ने बताया, “टीएमसी के गुंडों ने मेरे एजेंट पर बम फेंका और उसे मार दिया। उन्होंने मुझ पर भी हमला किया।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds