नदी में युवक और युवती का शव मिलने से सनसनी, नहीं हो सकी शिनाख्त, जांच में जुटी पुलिस

सूरजपुर : जिले के ओड़गी ब्लॉक में महान नदी में शनिवार को एक युवक एवं एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। दोनों का शव ग्राम सौहार के पास महान नदी में उतराता हुआ देखा। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच दोनों के शवों को बाहर निकलवाया। सौहार सहित आसपास के गांव वाले दोनों की शिनाख्त नहीं कर सके। शवों को पीएम के लिए भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार ओड़गी ब्लॉक के सौहार गांव के कुछ ग्रामीण शनिवार को गांव के पास से होकर बहने वाली महान नदी की ओर गए थे। नदी के किनारे एक युवक एवं एक युवती का शव पानी में उतराता देख वे सहम गए। उन्होंने इसकी सूचना तत्काल ओड़गी पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों की शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन गांव वाले उनकी पहचान नहीं कर सके। आसपास के गांव वालों को भी मौके पर बुलाया गया, लेकिन वे भी शव की शिनाख्त नहीं कर सके।

दो दिन पुराने हो सकते हैं शव-

दोनों शवों को देखकर आंशका व्यक्त की जा रही है कि शव दो दिन या उससे अधिक पुराने हो सकते हैं। पानी में पड़े रहने के कारण शव फूल चुके थे। मृत युवती ने जींस एवं टी शर्ट पहनी हुई थी। वहीं युवक चड्डा एवं गंजी में था।

बाहर से शव आने की आशंका-

भैयाथान एसडीओपी राजेश जोशी ने बताया कि युवक एवं युवती के शवों की पहचान मौके के आसपास के गांव वाले नहीं कर पाए हैं। इससे आशंका है कि दोनों के शव बाहर से बहकर आए हैं। दोनों की मौत कैसे हुई, यह रिपोर्ट आने पर पता चल सकेगा। सूरजपुर पुलिस द्वारा जिले के थानों सहित बलरामपुर जिले के थानों को दो शव नदी में मिलने की सूचना भेज दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds