लॉगिन

जम्मू से अमरनाथ गुफा की तरफ शुक्रवार को बढ़ेंगे श्रद्धालु, उपराज्‍यपाल झंडी दिखाकर करेंगे रवाना

ख़ास ख़बर June 30, 2023 रिपोर्टर: shailesh
जम्मू से अमरनाथ गुफा की तरफ शुक्रवार को बढ़ेंगे श्रद्धालु, उपराज्‍यपाल झंडी दिखाकर करेंगे रवाना

जम्मू से अमरनाथ गुफा की तरफ शुक्रवार को बढ़ेंगे श्रद्धालु, उपराज्‍यपाल झंडी दिखाकर करेंगे रवाना

हर-हर महादेव और जय बाबा बफार्नी के जयघोष और विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शुक्रवार तड़के श्री अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था जम्मू के भवगती नगर स्थित यात्री निवास से कश्मीर के लिए रवाना होगा। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा श्रद्धालुओं के जत्थे को शुभकामनाएं और झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

पहले जत्थे के शुक्रवार देर शाम तक कश्मीर में यात्रा के आधार शिविर बालटाल (गांदरबल) और पहलगाम के नुनवान (अनंतनाग) पहुंचने की उम्मीद है। शनिवार, एक जुलाई को दोनों आधार शिविरों से श्रद्धालुओं को पवित्र गुफा की तरफ रवाना किया जाएगा और यात्रा प्रारंभ हो जाएगी।

इस बार भी श्रद्धालुओं को जम्मू में जत्थे में शामिल हुए बिना सीधे कश्मीर की तरफ यात्रा पर जाने की अनुमति नहीं होगी। जम्मू से तड़के करीब चार बजे रवाना होने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के काफिले में सबसे आगे सुरक्षाकर्मियों की टुकड़ी होगी। जत्थे के साथ और उनके पीछे भी सुरक्षाकर्मियों के वाहन रवाना होंगे।

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्रद्धालुओं के वाहनों के गुजरने के दौरान हाईवे आम यात्रियों के लिए बंद रहेगा। वहीं, गुरुवार को दिनभर देशभर से श्रद्धालुओं का जम्मू पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। जिन श्रद्धालुओं को शुक्रवार को पहले जत्थे में रवाना होना है, उन्हें गुरुवार को भगवती नगर स्थित यात्री निवास में प्रवेश दिया गया। यात्री निवास में देर शाम तक करीब तीन हजार श्रद्धालु पहुंच चुके थे। यात्री निवास के भीतर और बाहर श्रद्धालुओं के लिए कई लंगर नगाए गए हैं।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds