लॉगिन

छत्तीसगढ़ पहुंचे मानसून ने पकड़ी रफ्तार, भारी वर्षा व बिजली गिरने की संभावना

Chhattisgarh June 24, 2023 रिपोर्टर: shailesh
छत्तीसगढ़ पहुंचे मानसून ने पकड़ी रफ्तार, भारी वर्षा व बिजली गिरने की संभावना

छत्तीसगढ़ पहुंचे मानसून ने पकड़ी रफ्तार, भारी वर्षा व बिजली गिरने की संभावना

रायपुर : दक्षिण पश्चिम मानसून का छत्तीसगढ़ में प्रवेश हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसूनी तंत्र के प्रभाव से शनिवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है,साथ ही बिजली भी गिर सकती है। विभाग का कहना है कि अब प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी व लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

मानसून की दस्तक होते ही दिन का अधिकतम तापमान गिरने के साथ ही रात भी थोड़ी ठंडक हुई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बारिश के चलते अब मौसम में ठंडकता बनी रहेगी।

मानसून प्रवेश होते ही शुक्रवार को रायपुर सहित प्रदेश भर में बादल छाने के साथ ही ठंडी हवाएं व हल्की वर्षा भी हुई। इसके प्रभाव से प्रदेश में अधिकतम तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आइ है। रायपुर का अधिकतम तापमान 32.1डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा।

इसी प्रकार बिलासपुर का अधिकतम तापमान 32.2डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा। बारिश की वजह से जगदलपुर के अधिकतम तापमान में काफी गिरावट रही, यहां का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून आगे बढ़ते हुए कर्नाटक के कुछ और भाग के साथ ही विदर्भ और छत्तीसगढ़ प्रवेश कर गया है। मानसून की उत्तरी सीमा रत्नागिरी, बीजापुर, निजामाबाद, दुर्ग, डाल्टनगंज, बक्सर, सिद्धार्थनगर है।अगले दो दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ और क्षेत्र में भी पहुंच जाएगा। शनिवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है।

इन क्षेत्रों में हुई वर्षा

सुकमा-पाली 7 सेमी, भाटापारा-बिल्हा-नगरी 6 सेमी, जगदलपुर-नारायणपुर-पथरिया-बीजापुर 5 सेमी, भैरमगढ़-दुर्गकोंदुल- तिल्दा 4 सेमी वर्षा हुई। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds