दक्षिण पश्चिम मानसून बढ़ा आगे, तमिलनाडु और केरल में बारिश जारी, उत्तर प्रदेश समेत इन राज्यों में लू की आशंका

चेन्नई : मानसून की शुरुआत के साथ दक्षिण भारत के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। इसी के साथ भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने अगले कुछ घंटों में कुछ राज्यों में बारिश और गरज के साथ छीटें पड़ने की चेतावनी जारी की है।

सड़कों पर बाढ़ जैसे हालात

मंगलवार को कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश हुई, जिसके कारण सड़कों पर पानी जमा हो गया। तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में स्कूल तक बंद करने पड़े। साथ ही आइएमडी ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल, झारखंड, ओडिशा, विदर्भ, छत्तीसगढ़, तेलंगाना के कुछ क्षेत्रों में तेज लू की स्थिति बुधवार यानी 21 जून तक बने रहने की संभावना है।

आइएमडी के अनुसार, दक्षिण पश्चिम मानसून ने कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य और उत्तर पश्चिम हिस्सों में, सिक्किम, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में सोमवार को बारिश के जरिये अपना प्रभाव दिखाया है।

तेज हवा के साथ बारिश की आशंका

आइएमडी ने ट्वीट किया कि तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप क्षेत्र, राजस्थान के पूर्वी हिस्सों, उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश, असम और अरुणाचल प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में अगले कुछ घंटों में तेज हवा के साथ हल्की या मध्यम दर्जे की बारिश होगी।

दक्षिण पश्चिम मानसून की शुरुआत भारत में आठ जून को केरल से हुई थी। यह एक हफ्ते की देरी से था। सामान्यत इसकी शुरुआत एक जून से होती है। इसी मानसून की बारिश पर खरीफ की फसल निर्भर करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds