दो साल से गायब किशोरी गोरखपुर में फेसबुक फ्रेंड के घर मिली किशोरी, नाराज होकर छोड़ा था घर

रायपुर:  राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र से दो वर्ष से लापता किशोरी गोरखपुर में अपने फेसबुक फ्रेंड के घर मिली। किशोरी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पुलिस के साथ परिवार के लोग भी उसे खोज रहे थे। पुलिस ने कैंट क्षेत्र के भैरोपुर से शुक्रवार को अपहृत किशोरी को बरामद कर लिया और उसके फेसबुक फ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर आरोपित को पुलिस अपने साथ रायपुर ले आई।

रायपुर जिले के टिकरापारा थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय किशोरी वर्ष 2021 में घर से गायब हो गई। खोजबीन के बाद पिता ने अज्ञात के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। सर्विलांस की मदद से रायपुर पुलिस ने तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। इस दौरान टीम हैदराबाद, मुंबई के साथ ही कई संभावित ठिकानों पर गई, लेकिन पता नहीं चला।

किशोरी ने 20 दिन पहले रिश्तेदारों को फोन कर भैरोपुर के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के खाते में रुपये मंगाए। जानकारी होने पर तलाश में जुटी रायपुर पुलिस गुरुवार की रात गोरखपुर पहुंची और ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद भैरोपुर निवासी सोनू कुमार के घर से किशोरी को बरामद कर लिया।

सोनू ने बताया कि किशोरी से उसकी दोस्ती फेसबुक पर हुई थी। जान-पहचान बढ़ने पर दोनों बात करने लगे। दो वर्ष पहले स्वजन से नाराज होकर किशोरी उसके पास आ गई, तबसे दोनों साथ रहने लगे।

मोबाइल फोन चलाने की छूट न मिलने पर छोड़ा घर

किशोरी ने पुलिस को बताया कि स्वजन उसे मोबाइल फोन चलाने से रोकते थे। नौकरी करने की भी छूट नहीं थी, जबकि बड़ी बहन पर कोई प्रतिबंध नहीं था। इस वजह से वह घर छोड़ फेसबुक फ्रेंड के पास चली आई।

किशोरी खुद जब दो वर्ष पहले यहां से गायब हुई थी तब नाबालिग थी, अब बताया जा रहा है कि वह बालिग हो गई है। पुलिस अब उसकी भी जांच कर रही है।

टिकरापारा थाना प्रभारी अमित बेरिया ने बताया कि किशोरी ने जब अपने स्वजनों को फोन कर पैसे की मांग की तो उसके बारे में पता चला। तत्काल टीम को रवाना किया गया। किशोरी को बरामद कर लिया गया है। वहीं उसके फेसबुक फ्रेंड को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds