बुलेट सवार युवक को ट्रक ने मारी टक्कर, टेक्नीकल इंजीनियर की हुई मौत

रायपुर  : राजधानी में शुक्रवार की सुबह एक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। यह हादसा तेलीबांधा थाना इलाके में हुआ। बुलेट पर सवार युवक अवंती विहार की ओर जा रहा था, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने युवक को टक्कर मारी। बाइक से गिरे युवक का शरीर पहियों के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पेट के निचले हिस्से का भाग बुरी तरह से कुचला जा चुका था। सड़क पर मृतक के शरीर के अंग पड़े थे।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ये हादसा सुबह 7-7.15 के बीच हुआ। हादसे में मारे गए युवक का नाम सुमीत लाटा बताया गया है। ये महिंद्र फाइनेंस में बतौर टेक्नीकल इंजीनियर काम कर रहा था। सुमीत लाटा का एक्सीडेंट महासमुंद बेरियर के आगे मेन रोड पर हुआ। महाराष्ट्र के नंबर एमएच 46/बी बी/5929 वाले कंटेनर ने इसे टाटीबंध की ओर से आकर पीछे से ठोकर मारी थी।

अपने मैनेजर से मिलने जा रहा था सुमित

अवंति विहार इलाके में रहने वाला सुमित अपने एरिया मैनेजर मणिकांत चर्तुवेदी से मिलने जा रहा था। सुबह करीब 7 बजे उसकी बात मैनेजर से हुई। मणिकांत ने अपनी बुलेट बाइक सुमित को चलाने के लिए दी थी। वो उसी से रवाना हुआ। जब काफी देर तक वो मणिकांत के घर नहीं पहुंचा तो उसने सुमित के नंबर पर कॉल किया। तब तक हादसा हो चुका था। फोन पुलिसकर्मियों से रिसीव किया और हादसे की जानकारी दी। अब पोस्टमार्टम करवाकर सुमित का शव परिजनों को सौंपा जा रहा है।

इस मामले में पुलिस ने हादसे को अंजाम देने वाले आरोपी ट्रक ड्राइवर रामचंद यादव को पकड़ा है। रामचंद्र हरखपुर जिला जौनपुर उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक रामचंद यादव पर वाहन को तेज एवं लापरवाही पूर्वक चलाने की वजह से गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds