रोज झगड़ा करता था पति, सोते समय पत्नी ने गला दबाकर मार डाला

दुर्ग : भिलाई में एक महिला ने अपनी पति की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि महिला और उसके पति में रोज ही विवाद होता था। ऐसे में महिला ने सोते समय पति का गला दबा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महिला को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को बुधवार देर रात सूचना मिली कि, बजरंग चौक कृष्णा नगर में एक महिला ने अपने पति की गला दबाकर हत्या कर दी है। पुलिस मौके पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी महिला संगीता सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पता चला कि महिला ने सो रहे पति का गला दबाकर उसे मार दिया। वहीं आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया कि, संगीता सोनी का पति दिलीप सोनी के साथ आए दिन विवाद होता था।

थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि, घटना वाले दिन भी पति-पत्नी का विवाद हुआ था। इसके बाद महिला ने अपने पति की हत्या कर दी। आरोपी पत्नी ने हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। यह भी जानकारी मिली की महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिसे लेकर उसका पति तंत्र-मंत्र का सहारा लेकर महिला का उपचार करा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds