कोल्हापुर हिंसा: ‘कर्नाटक में बजरंगबली ने मदद नहीं की, तो महाराष्ट्र में औरंगजेब चाहिए’, राउत का BJP पर निशाना

मुंबई : महाराष्ट्र में औरंगजेब को लेकर दो जिलों में तनाव है। पहली घटना कोल्हापुर में हुई जहां मंगलवार को कुछ युवकों ने सोशल मीडिया पर औरंगजेब के समर्थन में पोस्ट किया था। इसके खिलाफ बुधवार को बुलाए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हो गई।

इससे पहले मंगलवार को अहमदनगर में पत्थरबाजी की घटना सामने आई थी। यहां औरंगजेब के समर्थन में हुई एक रैली के विरोध में प्रदर्शन आयोजित किया गया था। अब इसी मामले पर उद्धव ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत ने इशारों में भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में बजरंगबली ने आपकी मदद नहीं की। तो आपको महाराष्ट्र में औरंगजेब चाहिए। साथ ही शिंदे-फडणवीस की सरकार पर भी निशाना साधा।

झड़प में कोल्हापुर के लोग शामिल नहीं

संजय राउत ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि कोल्हापुर में स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा मेरी जानकारी के अनुसार इस झड़प में कोल्हापुर के लोग शामिल नहीं थे। बाहर के लोगों को स्थिति बिगाड़ने के लिए लाया गया था। वहीं, उन्होंने शिंदे-फडणवीस की सरकार को आड़े हाथ लेते हुए पूछा कि जबसे आपकी सरकार सत्ता में आई है तबसे ऐसा बार-बार क्यों हो रहा है?

चुनाव जीतने के लिए औरंगजेब की जरूरत

उन्होंने आगे कहा कि आप हिंदुत्व की बात करते हैं तो क्या आपका हिंदुत्व इतना कमजोर है कि किसी शहर में किसी की फोटा कार्यक्रम में उछाल दिया तो आपका हिंदुत्व खतरे में आ गया। उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा कि औरंगजेब को दफनाए हुए महाराष्ट्र में चार सौ साल बीत गए हैं। चार सौ साल बीतने के बाद भी चुनाव जीतने के लिए आपको औरंगजेब लगता है।
इसकी वजह यह है कि कर्नाटक में बजरंग बली ने आपकी कोई मदद नहीं की। इसलिए आपको यहां औरंगजेब की जरूरत है। आखिर किस तरह की राजनीति आप लोग महाराष्ट्र में करने जा रहे हैं। आपके आसपास के लोग ही दंगे करने वाले हैं। सबसे पहले आप उनको कंट्रोल करिए। सही मायने में राज्य की जनता के लिए कुछ करना चाहते हैं तो यह दंगे रुकवाइये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds