क्यूबेक : कनाडा के क्यूबेक में एक बड़ा हादसा सामने आया है। कनाडा के क्यूबेक में शनिवार को मछली पकड़ने गए चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई।
मछली पकड़ने के दौरान हुआ हादसा
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को स्थानीय समयानुसार कुछ बच्चे मछली पकड़ने नदी में गए थे, तभी इस दौरान नदी में हाई टाइड उठा और वहां मौजूद बच्चे इसकी चपेट में आ गए। चार बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
हाई टाइड की चपेट में आए थे 11 लोग
क्यूबेक प्रांतीय पुलिस के एक प्रवक्ता ने सीएनएन को बताया कि उत्तरी तट पर नदी किनारे स्थित नगर पालिका पोर्टनेफ-सुर-मेर में हुए हादसे के बारे में दो बजे आपातकालीन सेवाओं को बताया गया था। प्रवक्ता ने कहा कि मछली पकड़ने के दौरान हाई टाइड की चपेट में आने से करीब 11 लोग लापता हो गए थे। उन 11 लोगों में से छह को बचा लिया गया और पांच लोगों का रात भर पता नहीं चल पाया।
हाई टाइड के कारण चार बच्चों की हुई मौत
प्रवक्ता के अनुसार, सुबह 6 बजे के आसपास दस वर्ष से अधिक उम्र के चार बच्चे बेहोशी की हालत में मिले। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सीएनएन के अनुसार, पुलिस ने बाद में पुष्टि की थी कि बच्चों की मौत हो गई थी।
लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी पुलिस
क्यूबेक प्रांतीय पुलिस के अनुसार, 30 साल का एक व्यक्ति अभी भी लापता है और गोताखोरों, नाव और हेलीकॉप्टर की मदद से उसकी तलाश जारी है। क्यूबेक प्रांतीय पुलिस घटना की जांच कर रही है।