सरिया खरीदने के बाद दे दिया बंद खाते से 8 लाख रुपए का चेक, केस दर्ज

दुर्ग  : जिला पुलिस ने राजनांदगांव के एक ठेकेदार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। भिलाई के व्यापारी से सरिया खरीदी के बाद उसने बंद खाते का 8 लाख रुपए का चेक दे दिया था। शिकायत पर वैशाली नगर थाने में ठेकेदार के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज किया गया है।

वैशाली नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बाबा दीप सिंह नगर प्लांट नंबर 11 निवासी इंद्रपाल सिंह (40 वर्ष) की जीके सेल्स के नाम से कंपनी है। वो टीएमटी (छड़) की सेलिंग का काम करता है और घर से ऑफिस संचालन करता है। उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि राजनांदगांव पिनकापार निवासी दीपक वर्मा पेशे से कांट्रैक्टर है। उसने इंद्रपाल को फोन करके 15 टन सरिया की डिमांड की थी। रेट तय हो जाने के बाद उसने मोहारा राजनांदगांव सरिया पहुंचाने की बात कहा।

इंद्रपाल ने 17 फरवरी 2023 को 14.930 एमएम का टीएमटी सरिया साहू मिनी ट्रांसपोर्ट के चालक ईश्वर के माध्यम से मोहारा चौक राजनांदगांव में खाली करा दिया। इसके बाद जब व्यापारी ने दीपक से 8 लाख 9 हजार 79 रुपए की मांग की तो दीपक ने बंधन बैंक का चेक दिया। जब प्रार्थी बैंक में चेक लगाया तो पता चला कि एकाउंट बंद हो चुका है। ठगी का अहसास होने पर इन्द्रपाल ने थाने में ठगी का मामला दर्ज कराया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

वैशाली नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बंधन बैंक से चेक से संबंधित डिटेल्स मंगाए हैं। इसके बाद पुलिस ठेकेदार की गिरफ्तारी के लिए टीम भेजेगी। पुलिस का कहना है कि वो जल्द ही ठेकेदार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds