CG – मजदूर की मौत : सीमेंट ईट भरकर ले जा रहा ट्रैक्टर पलटा, एक की मौत, तीन घायल

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में शनिवार को ट्रैक्टर पलटने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, नकुलनार से सीमेंट ईंट भरकर सुकमा जिले के गोंडेरास जा रहा ट्रैक्टर पोटाली पटेलपारा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में मौके पर ही एक मजदूर की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में दो महिलाओं समेत कुल 10 मजदूर सवार थे। पोटाली के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से किनारे गड्ढे में पलट गया। इस हादसे में हुंगा (उम्र 35 साल) की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल 108 को इस हादसे की जानकारी दी। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की टीम ने घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाया।

इस हादसे में कुल तीन लोग चोटिल हुए हैं। कवासी जोगा (उम्र 30 साल) को सिर पर चोट आई है, वहीं पोडियम (उम्र 23 साल) को बाएं पैर में गंभीर चोट और कंधे पर चोट आई है। फिलहाल इनका इलाज चल रहा है।

इधर, घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds