CG – सेल्फी या मर्डर : युवक की बाँध में डूबकर मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिलान्तर्गत लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टपरकेला गांव के स्टॉप डेम में एक युवक की डूबने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि सेल्फी लेते वक्त युवक की डेम में डूबने से मौत हो गई. वहीं युवक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. मृतक के आंखों में रक्त निकलने, हाथ-पैर में बांधने के निशान होने पर बात कही है. इस मामले पर पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है.

टपरकेला गांव के स्टॉप डेम में युवक डूब गया. गोताखोरों की मदद से मृतक युवक संजय यादव (18 वर्षीय) के शव को बाहर निकाला गया. परिजनों ने देखा कि मृतक संजय यादव के दोनों आंखों से रक्त निकलने हैं और हाथ-पैर में बांधने के निशान मिले हैं. जिसपर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. मामले में लखनपुर पुलिस शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है. पुलिस मृतक युवक के दोस्तों से घटना के संबंध में पड़ताल कर रही है.

मृतक के परिजनों ने बताया कि राजू, कुनाल के साथ उनका बेटा सुबह लगभग 10:30 बजे स्कूटी में घर से घूमने निकला थे. दोपहर 1:00 बजे संजय यादव के दोस्तों ने फोन के माध्यम से जानकारी दी कि संजय बांध में डूब गया है. खबर पर परिजन घुंघटा बांध पहुंचे. जहां संजय यादव का पता नहीं चला, जिसके बाद वह टपरकेला स्टॉप डेम पहुंचे. वहां चप्पल देखकर संजय यादव को ढूंढने का काफी प्रयास किया गया परंतु कुछ पता नहीं चला.

परिजनों ने दरिमा और लखनपुर पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना पर दरीमा और लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची. जिसके बाद गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद युवक के शव को बाहर निकाला गया.

मृतक संजय यादव के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. फिलहाल लखनपुर पुलिस शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई कर मामले की छानबीन में जुट गई है. लखनपुर पुलिस मृत युवक के दोनों दोस्तों से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है. मृतक के परिजनों ने बताया कि कुणाल और राजू से इस संबंध में बात किया गया जिसमें उन्होंने कहा कि संजय यादव का सेल्फी लेने के दौरान पैर फिसला और वह स्टॉप डेम में गिरा, जिससे उसकी डूबने से मौत हो हो गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds