अमेरिका का दूल्हा-केरल की दुल्हन, इस्राइल से आया रब्बी, राज्य में 15 साल बाद हुई यहूदी शादी

कोच्चि : केरल रविवार को एक खास शादी का गवाह बना। बता दें कि केरल के कोच्चि में रविवार को एक यहूदी शादी हुई, जिसका दूल्हा अमेरिकी नागरिक है। वहीं दुल्हन केरल की निवासी है। वहीं इस यहूदी शादी के लिए रब्बी (इस्राइली पुजारी) को खास तौर पर इस्राइल से बुलाया गया था। केरल में पूरे 15 साल बाद कोई यहूदी शादी हुई।
कोच्चि के रिसॉर्ट में हुई ये खास शादी
कोच्चि के एक रिसोर्ट में रशेल और रिचर्ड ने यहूदी रीति-रिवाज से शादी की। रिचर्ड एक अमेरिकी नागरिक है। वहीं दुल्हन रशेल, क्राइम ब्रांच के पूर्व प्रमुख बिनॉय मालाखई की बेटी है। इससे पहले केरल में साल 2008 में यहूदी रीति रिवाज से शादी हुई थी और अब पूरे 15 साल बाद यहूदी शादी हुई। सोशल मीडिया पर इस शादी के वीडियो खूब शेयर किए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रिचर्ड अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी नासा में इंजीनियर हैं।
शादी में भारतीयता का तड़का लगाते हुए दूल्हे रिचर्ड ने शेरवानी पहनी, वहीं दुल्हन रशेल साड़ी पहने नजर आईं। दूल्हा पक्ष की तरफ से शादी में 20 लोग शामिल हुए। शादी में खाना भी यहूदी धर्म और संस्कृति के अनुसार रखा गया था। शादी में शामिल लोगों ने हिब्रू गीतों पर डांस भी किया।
दो हजार साल पहले केरल आए थे यहूदी
केरल के पर्यटन विभाग की वेबसाइट के अनुसार, केरल में यहूदी करीब दो हजार साल पहले आए थे। ये यहूदी व्यापार के लिए केरल पहुंचे थे और कुछ यहीं बस गए। केरल के अंजुवन्नम में यहूदी बस्ती होने का पहला आधिकारिक रिकॉर्ड मिला था। इस्राइल के बनने के बाद केरल से बड़ी संख्या में यहूदी इस्राइल चले गए थे। केरल में यहूदियों के कई पूजा स्थल, जिन्हें सिनोगोग कहते हैं, भी मौजूद हैं। फिलहाल केरल में अधिकतर यहूदी समुदाय कोच्चि में ही रहता है।