पीएम मोदी ने प्रशांत द्वीप देशों के साथ भारत की साझेदारी को बढ़ाया आगे, कई कार्य योजनाओं की घोषणा की

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को पापुआ न्यू गिनी के अपने समकक्ष जेम्स मारापे और गवर्नर जनरल बॉब डाडे से अलग-अलग वार्ता की तथा दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत करने पर जोर दिया।

इस द्वीपीय देश की पहली यात्रा पर रविवार को यहां पहुंचे मोदी द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए भारत तथा 14 प्रशांत द्वीप देशों के बीच एक अहम शिखर सम्मेलन की मेजबानी की।

12-चरणीय कार्य योजना की घोषणा की

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट कर जानकारी देते हुए बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी और पीएम जेम्स मारापे ने पोर्ट मोरेस्बी में FIPIC III शिखर सम्मेलन की सफलतापूर्वक मेजबानी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रशांत द्वीप देशों के साथ भारत की साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए 12-चरणीय कार्य योजना की घोषणा की। यह क्षेत्र के लोगों की विकासात्मक आकांक्षाओं को पूरा करेगा और एक मुक्त, खुले और समृद्ध इंडो-पैसिफिक के साझा दृष्टिकोण को मजबूत करेगा।

बागची के अनुसार, दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत करने, जलवायु परिवर्तन से निपटने संबंधी कदमों के साथ ही लोगों के बीच परस्पर संबंधों को मजबूत करने समेत कई मुद्दों पर बातचीत की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री जेम्स मारापे से सार्थक द्विपक्षीय बैठक की

उन्होंने कहा, ‘‘भारत-पापुआ न्यू गिनी के संबंधों में तालमेल बैठाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री जेम्स मारापे से सार्थक द्विपक्षीय बैठक की। प्रधानमंत्री मोदी ने पोर्ट मोरेस्बी में एफआईपीआईसी तृतीय शिखर सम्मेलन की सह-मेजबानी के लिए प्रधानमंत्री मारापे की सराहना की।’’

उन्होंने कहा, ‘‘व्यापार तथा निवेश, स्वास्थ्य, क्षमता निर्माण, कौशल विकास और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत करने पर चर्चा की गयी। जलवायु परिवर्तन से निपटने संबंधी कदमों और लोगों के बीच परस्पर संबंधों को बढ़ावा देने से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत की गयी।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds