एटीएम में गैस कटर लेकर घुसे बदमाश, कैश डालने पहुंची टीम तब क्षतिग्रस्त मिला मशीन

बिलासपुर : शहर के एक एटीएम बूथ में बदमाश गैस कटर लेकर घुस गए और पैसे उड़ाने के लिए कटर से मशीन का काटकर क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि, वे एटीएम से कैश नहीं निकाल पाए। मामला तब सामने आया, जब कर्मचारियों की टीम एटीएम में कैश डालने पहुंचे। मशीन क्षतिग्रस्त देखकर उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
मामला तोरवा थाने का है। पुलिस के अनुसार कोरबा के कोथारी निवासी मुकेश कुमार यादव (31) टीएसआई ट्रांजेक्शन साल्यूशन (इंटरनेशनल) प्राइवेट लिमिटेड में एज्यूकेटिव ऑफिसर है। उन्होंने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि वह अपनी टीम के साथ बीते गुरुवार को पुराना पॉवर हाउस चौक पर स्थित एसबीआई के एटीएम बूथ में कैश डालने गए थे। इस दौरान पता चला कि एटीएम क्षतिग्रस्त हो गई है और उसमें से पैसे चोरी करने का प्रयास किया गया है।
कैमरे तोड़कर घुसे चोर, एटीएम को कटर से काटने किया प्रयास
उन्होंने अपनी टीम के साथ एटीएम की जांच की, तब पता चला कि पैसे चोरी करने के लिए मशीन को गैस कटर से काटने का प्रयास किया गया है। इससे पहले चोरों ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया है। ताकि, वे कैमरे में न आ पाए। उनकी शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मांगे सीसीटीवी फुटेज
इस मामले में केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने बदमाशों की पहचान करने के लिए बैंक प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज मांगा है। हालांकि, प्रबंधन ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज नहीं दिया है। लेकिन, यह बताया कि कैमरे में तोड़फोड़ की गई है। बैंक प्रबंधन ने घटना के दौरान कैमरे की रिकार्डिंग मुख्यालय से मंगाने की बात कही है।