CG Liquor scam: अनवर ढेबर, नितेश भेजे गए जेल, कोर्ट ने एपी त्रिपाठी, ढिल्लन को 4 दिन के लिए ED को सौंपा

रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दो हजार करोड़ के शराब घोटाला मामले में रायपुर मेयर एजाज ढेबर के बड़े भाई कारोबारी अनवर ढेबर, नितेश पुरोहित, त्रिलोक ढिल्लो सहित आबकारी विभाग के अधिकारी एपी त्रिपाठी को आज रायपुर कोर्ट में पेश किया। दिनभर चली सुनवाई के बाद कोर्ट ने कारोबारी ढेबर और नितेश पुरोहित को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

वहीं इस मामले के अन्य आरोपी कारोबारी त्रिलोक ढिल्लो और एपी त्रिपाठी को कोर्ट ने ED को चार दिन की रिमांड पर सौंपा है। अब ईडी इन कारोबारियों से 4 दिन तक पूछताछ कर सकेगी। इसके बाद कोर्ट में इन्हें दोबारा पेश किया जाएगा। अनवर ढेबर को लेकर ईडी ने रिमांड ही नहीं मांगी है। बहस नितेश पुरोहित की रिमांड को लेकर हुई, लेकिन बचाव पक्ष की दलीलों से सहमत होकर स्पेशल कोर्ट ने नितेश पुरोहित को ईडी की रिमांड पर नहीं दिया है।

कोर्ट में रिमांड मामले को लेकर बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं, जिनमें सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट राहुल त्यागी और फैजल रिजवी ने ईडी की कार्यवाही पर सवाल उठाते हुए एपी त्रिपाठी त्रिलोक ढिल्लन और नितेश पुरोहित की रिमांड का विरोध किया। राहुल त्यागी ने कोर्ट से कहा कि सर यह कह रहे हैं कि नितिन पुरोहित के बेटे से इन्हें आमने-सामने पूछताछ करनी है। नितेश अस्वस्थ रहते हैं। हमारा अनुरोध है कि जब भी ईडी बेटे को खोजकर लाए, तब नितेश पुरोहित को दोबारा रिमांड पर लिया जाए। रिकॉर्ड में हमारी इस बात को दर्ज किया जाए।

अधिवक्ता फैजल ने कोर्ट में रखी दलील
अधिवक्ता फैजल रिजवी ने कहा कि ये आरोप लगाते हैं कि शराब की बिक्री में गड़बड़ी हुई तो आखिर वो नकली होलोग्राम से लेकर सब कुछ तो डिस्टलरी से होता था, इन्होंने किसी भी डिस्टलरी को गिरफ्तार नहीं किया है। विशेष अदालत के जज अजय सिंह राजपूत ने अनवर और नितेश पुरोहित को जेल भेजने के आदेश दिए हैं। दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में रखा जाएगा। जबकि एपी त्रिपाठी और और त्रिलोक ढिल्लन को कोर्ट ने ईडी की चार दिन की रिमांड पर भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds