सत्यपाल मलिक के पूर्व मीडिया सलाहकार के घर CBI का छापा, इंश्योरेंस स्कैम मामले में हो रही जांच

नईदिल्ली। सीबीआई जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के मीडिया सलाहकार रहे सुनक बाली के यहां छापेमारी कर रही है. ये छापेमारी सत्यपाल की शिकायत पर दर्ज इंश्योरेंस घोटाला मामले में की जा रही है. कुछ दिनों पहले सीबीआई ने सत्यपाल मलिक के भी बयान दर्ज किये थे.
अधिकारियों ने बताया कि सत्यपाल मलिक के जिस सहयोगी के घर पर छापेमारी हो रही है, वो गर्वनर रहने के दौरान उनका मीडिया सलाहकार था. इस व्यक्ति का नाम सुनक बाली है, जिस पर इंश्योरेंस स्कैम केस में कार्रवाई चल रही है. मिली जानकारी के मुताबिक, ये स्कैम केस जम्मू-कश्मीर से जुड़ा हुआ है. यहां गौर करने वाली बात ये है कि सत्यपाल मलिक खुद पहले से ही इस मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी के रडार पर थे. इस बीच हुई ये कार्रवाई बेहद अहम मानी जा रही है.
दरअसल, इसस पहले अप्रैल में सत्यपाल मलिक के खिलाफ सीबीआई ने नोटिस जारी किया था. सीबीआई ने अपने नोटिस में कहा था कि वह जम्मू-कश्मीर में हुए इंश्योरेंस स्कैम को लेकर सवाल मलिक से कुछ सवालों के जवाब जानना चाहती है. नोटिस को लेकर सत्यपाल मलिक की तरफ से बयान भी जारी किया गया था. उन्होंने कहा था कि ऐसा लगता है कि जांच एजेंसी किसी तरह का कोई स्पष्टीकरण चाहती है. उनका कहना था कि सीबीआई को उन केस में जवाब चाहिए, जिसकी रिपोर्ट उन्होंने खुद दी थी.