परिवहन कार्यालय में हाई वोल्टेज ड्रामा, ओवरलोड गाड़ी छुड़ाने के लिए विधायक ने दिया मंगलसूत्र

राजनांदगांव : जिला परिवहन कार्यालय में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। राजनांदगांव जिले के खुज्जी विधानसभा क्षेत्र की विधायक छन्नी साहू उड़नदस्ते द्वारा पकड़े गए ओवरलोड परिवहन करते मालवाहक को छुड़ाने आरटीओ कार्यालय पहुंची थीं। इस दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों से उनकी बहस हुई, लेकिन नियमों का हवाला देते हुए अधिकारियों ने वाहन नहीं छोड़ा। इस दौरान विधायक छन्नी साहू ने सोने के मंगलसूत्र को उतारकर परिवहन विभाग के कार्यालय में छोड़ दिया और उसी से चालान की राशि जमाकर बाकी पैसा वापस देने की बात अधिकारियों से कही।

एक मालवाहक को रोकने पर हुआ विवाद

बता दें कि परिवहन विभाग की उड़नदस्ता टीम के द्वारा ग्राम जंगलपुर के पास ओवरलोड गाड़ियों पर कार्रवाई की जा रही थी। इस दौरान राजनांदगांव से गैंदाटोला की ओर जा रहे एक मालवाहक को रोका गया। मालवाहक में क्षमता से अधिक 2 टन धान का परिवहन किया जा रहा था। इस पर टीम द्वारा चालान कर उसे जब्त करके राजनांदगांव के जिला परिवहन कार्यालय में खड़ा कर दिया गया। इसकी जानकारी विधायक छन्नी साहू को मिली।

छन्नी साहू राजनांदगांव ब्लाक के ग्राम सिंघोला में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। विधायक द्वारा फोन पर भी अधिकारियों से चर्चा की गई। लेकिन गाड़ी न छोड़ने पर विधायक खुद राजनांदगांव जिला परिवहन कार्यालय पहुंचीं और गाड़ी को छोड़ने की बात को लेकर परिवहन विभाग के अधिकारियों से चर्चा की। अंत में जब चालान कार्रवाई की राशि जमा करने की बात अधिकारियों द्वारा कही गई तो विधायक ने अपने गले में पहने सोने के मंगलसूत्र को उतारकर अधिकारियों की टेबल पर रख दिया और कहा कि इसे बेचकर चालान की राशि जमा कर लो और बचे हुए पैसे मुझे लौटा देना।

विधायक छन्नी साहू ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि मैंने अधिकारियों को फोन पर गाड़ी छोड़ने के लिए कहा था। इसके बावजूद गाड़ी नहीं छोड़ी गई। गाड़ी मेरे कार्यकर्ता की है। मेरे पास भी नगद पैसा नहीं था इस कारण मैंने अपने मंगलसूत्र को निकालकर अधिकारियों के टेबल पर रख दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds