‘दरिंदगी’ से सहमी धर्मनगरी : नाव पर किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, बारी-बारी से लूटते रहे अस्मत, जानें पूरा मामला

चित्रकूट। जिले में प्रेमी संग मंदाकिनी नदी में नाव पर घूम रही मध्य प्रदेश की एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। वारदात को अंजाम देने वाले पांच आरोपी स्थानीय नाव चलाने वाले युवक हैं, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने प्रेमी को भी दुष्कर्म के आरोप में पकड़ा है।

घटना जिले की सीमा से सटे नयागांव चित्रकूट मध्यप्रदेश थाना अंतर्गत भरतघाट की मंदाकिनी नदी में नाव पर हुई। बांदा जिले के सोहाना गांव निवासी मनोज यादव (21) के साथ शुक्रवार की देर शाम को मप्र के बरौंधा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी घूमने आई थी।

देर रात तक दोनों नाव पर घूमते रहे। इसी बीच नाविक केवटरा निवासी संतोष कुशवाहा ने अपने अन्य साथियों से संपर्क किया और धीरे-धीरे दो नाव और इनके पास आ गईं। चित्रकूट मप्र थाना सर्किल के सीओ आशीष जैन ने बताया कि नाव पर प्रेमी मनोज किशोरी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में था।

रातभर पांचों करते रहे हैवानियत
उसे देख अन्य नाविक भी उसी नाव पर आ गए। सभी ने किशोरी से दुष्कर्म किया। रात लगभग तीन बजे तक किशोरी के साथ हैवानियत की गई। इसके बाद नाविकों ने किशोरी व उसके प्रेमी को घाट किनारे उतारा और धमकी देकर भगा दिया। दोनों थाने पहुंचे और मामले की जानकारी दी।

किशोरी की तहरीर पर रिपोर्ट हुई दर्ज
तत्काल पुलिस टीम एक्शन में आई और चार घंटे के अंदर आरोपी संतोष कुशवाहा (20) के अलावा विनोद निषाद (23), चौगलिया सीतापुर निवासी पंकज जोशी (18), कटरा गूदर निवासी रामगोपाल निषाद (23), मोहित निषाद (23) को दबोच लिया गया। शनिवार को किशोरी के परिजन मौके पर पहुंचे।

सामूहिक दुष्कर्म की घटना से तीर्थयात्रियों में भय
बता दें कि धर्मनगरी के प्रमुख स्थल मंदाकिनी नदी स्थित रामघाट के भरतघाट पर सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने झकझोर दिया है। यूपी-एमपी बार्डर पर स्थित घाटों पर 100 से ज्यादा नावें रहती हैं, जो तीर्थयात्रियों को नदी की सैर कराती हैं। इस घटना से तीर्थयात्री भी भयभीत हैं।

पुलिस टीम हर तीर्थयात्री की कर रही है जांच
इस घटना के बाद सूर्यास्त होते ही पुलिस टीम हर तीर्थयात्री की जांच कर रही है। हर दिन इन स्थानों पर हजारों तीर्थयात्री मंदाकिनी में स्नान और पूजन के लिए आते हैं। शनिवार और रविवार की सुबह नाव में सामूहिक दुष्कर्म की घटना से तीर्थयात्रियों में भय रहा। कानपुर की गीता द्विवेदी ने बताया कि वह बेटी और पति के साथ दर्शन करने आती हैं।

लोग बोले- सुरक्षा के कड़े इंतजाम होने चाहिए
रात में भी नदी किनारे पूजन करती हैं। इस घटना के बाद से अब डर लगता है। चंदौली से आए शिवकुमार ने बताया कि हर अमावस्या पर पूरे परिवार के साथ आकर नाव में मंदाकिनी का पूजन करते हैं। रात में भी नौका विहार करते थे। इस घटना से डर लग रहा है। पुलिस को सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने चाहिए।

नाविकों की मनमानी के आगे किसी की नहीं चलती
यूपी-एमपी के बार्डर वाले रामघाट व भरतघाट के आसपास ही पुलिस चौकी और थाना है, लेकिन नाविकों की मनमानी के आगे पुलिस की नहीं चलती है। कई बार प्रशासन ने तीर्थयात्रियों की शिकायत पर नावों को घाट के किनारे से हटाकर मोबाइल स्थिति में रखने और किराया निश्चित करने के लिए बैठकें की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds