मछली मारने नदी गया था युवक, कुल्हाड़ी और तीर कमान से वारकर हत्या

कोरबा : जिले में एक युवक की कुल्हाड़ी और तीर कमान से वारकर हत्या कर दी गई है। खून से लथपथ उसका शव नदी किनारे मिला है। युवक के साथ मछली मारने वाला शख्स भी घटना के दिन से गायब है। पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है।

कछार निवासी लालमन गोंड(75) ने प्रताप गोंड(35) को बचपन में गोद लिया था। जिसके बाद से प्रताप लालमन के साथ ही रहा करता था। बताया गया कि प्रताप भी खेती किसानी करता था। कभी-कभी मछली मारने भी जाया करता था। इस बीच शनिवार शाम को प्रताप घर से निकला। फिर रात तक लौटा ही नहीं। उसके परिजनों ने गांव में तलाश की। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।

अगले दिन मिला शव

रविवार सुबह गांव से कुछ दूर पर स्थित हसदेव नदी किनारे प्रताप का शव मिला। गांव के ही एक शख्स ने उसका शव देखा था। जिसके बाद उसके परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। तब उन्होंने देखा कि युवक के शरीर में तीर कमान और कुल्हाड़ी से वार किया गया है। मौके से 3 तीर मिले हैं।

इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों से पूछताछ की गई। जिसमें पता चला कि युवक बिन बताए घर से निकला था। परिजनों से यह भी पता चला कि प्रताप अक्सर गांव के ही धनुहार उर्फ घीवा के साथ मछली मारने जाया करता था।

विवाद के बाद हत्या की आशंका

ये जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने धनुहार के घर में जाकर दबिश दी। मगर धनुहार घर पर मिला नहीं। वह भी घटना वाले दिन यानी शनिवार शाम से गायब है। इस वजह से पुलिस को उस पर शक है। माना जा रहा है दोनों उस दिन भी मछली मारने गए होंगे। जहां उनका विवाद हुआ। इसके बाद उसके साथी ने प्रताप को मार दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह इलाका काफी अंदरूनी क्षेत्र में है। इस वजह से पूरे मामले की जानकारी सोमवार सुबह सामने आ सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds