Mexico में दर्दनाक सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी बस, 18 लोगों की मौत

मेक्सिको : पश्चिमी मेक्सिको में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में अभी तक 18 लोगों के मारे जाने और 33 अन्य के घायल होने की खबर सामने आई है। बता दें, यह बस गुआयाबिटोस जा रही थी। इस बात की जानकारी स्थानीय अधिकारियों ने रविवार को दी।

नागरिक सुरक्षा अधिकारी पेड्रो नुनेज ने बताया कि बस पास के राज्य जलिस्को में गुआडालाजारा से 220 किलोमीटर की यात्रा कर रही थी। पर्यटकों को ले जा रही बस अचानक से सड़क से उतर गई और खाई में जा गिरी। जिस वक्त ये बस हादसे का शिकार बनी उस वक्त ये नायरिट में गुआयाबिटोस के समुंदर के किनारे रिजॉर्ट क्षेत्र में जा रही थी। नुनेज ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त पर्यटक बस में सवार सभी यात्री मैक्सिकन नागरिक थे। हालांकि, फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

अभियोजक के कार्यालय ने ट्विटर पर कहा कि आपातकालीन कर्मचारी दुर्घटना की सूचना मिलने के तत्काल बाद मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया है। वहीं, घायलों को फौरन अस्पताल भेजने के लिए संघीय और प्रांतीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, बस हादसे में 11 महिलाओं और 7 पुरुषों की मौत हुई है। वहीं, हादसे में गंभीर घायल कम से कम 11 नाबालिगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds