रायपुर : छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं. जनगणना टीम 25 जनवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक घर-घर जाकर आंकड़ें एकत्रित करेगी. इससे पहले नागरिक स्वेच्छा से अपनी जानकारी खुद ही जनगणना पोर्टल पर दर्ज करा सकेंगे. वहीं, प्रगणक प्रदेश के 33 जिलों के गांव-गांव में जाकर डेटा कलेक्ट करेंगे.
पूरी तरह डिजिटल हो जनगणना
राज्य में जनगणना डिजिटल माध्यम से की जाएगी. इस काम के लिए 72 हजार लोगों को लगाया गया है. इनमें 62102 प्रगणक हैं और 10667 पर्यवेक्षक हैं. छत्तीसगढ़ के 33 जिलों, 19978 गांव और 195 नगरीय क्षेत्रों में गणना की जाएगी. इसके लिए 60682 गणना ब्लॉक तैयार किए गए हैं. हर ब्लॉक पर औसत 800 लोग होंगे, जरूरत होने पर इन्हें सब ब्लॉक में विभाजित किया जाएगा.
पहले मकान अब व्यक्तियों की गणना
जनगणना 2027 के पहले चरण में मकान की गणना हुई थी. सूचीकरण किया गया था. अब दूसरे चरण में व्यक्तियों की गणना की जाएगी. जनसांख्यिकीय और सामाजिक एवं आर्थिक आंकड़े जुटाए जाएंगे. प्रगणक प्रजनन, दिव्यांगता, रिलीजन और जाति (Cast) से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे.
16 भाषाओं में जानकारी दे सकते हैं
जनगणना के लिए विशेष ऐप तैयार किया गया है. ये 16 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है. इसकी खासियत है कि इंटरनेट ना होने पर इस पर जानकारी ऑफलाइन दर्ज की जा सकेगी. वहीं, स्वगणना करने वालों को मिली आईडी प्रगणक को देना होगा. व्यक्तिगत जानकारी जैसे ओटीपी, पासवर्ड और एन्क्रिप्टेड डेटा को सुरक्षित तरीके से रखा जाएगा.
जनगणना से पहले प्रशिक्षण
जनगणना का कार्य सुचारू रूप से हो. इसके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. राष्ट्रीय प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनरों और जिला एवं अन्य अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है. वहीं, फील्ड ट्रेनरों की ट्रेनिंग 2 से 12 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों में आयोजित होगी. वहीं, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की ट्रेनिंग 21 दिसंबर से 15 जनवरी तक की जाएगी.