अबिकापुर। जंगल में मां और अपने झुंड के साथ विचरण कर रहे हाथियों के एक नन्हे शावक पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। दरअसल, वह अचानक एक गहरे गड्ढे में जा गिरा। शावक की जान खतरे में थी और आसपास ही हाथियों का पूरा झुंड मौजूद था। बता दे कि वहां 17 हाथियों का दल भी मौजूद था, जिसमें कई लोगों को मौत के घाट उतारने वाला कचरा हाथी भी शामिल था।
वन विभाग के लिए चुनौती बना रेस्क्यू ऑपरेशन
मिली जानकारी के अनुसार सरगुजा जिले के उदयपुर इलाके में हाथियों का एक दल विचरण कर रहा था। इसी दौरान झुंड का एक नन्हा शावक गड्ढे में गिरकर फंस गया। शावक को मुसीबत में देख हाथियो का पूरा झुंड उसके आसपास जमा हो गया और सुरक्षा घेरा बना लिया। ऐसी स्थिति में शावक तक पहुंचना वन विभाग की टीम के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण और खतरनाक था ।
हाथियों के झुंड को दूर खदेड़कर शुरू किया रेस्क्यू
हाथियों के झुंड की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम ने पहले झुंड को सुरक्षित दूरी पर खदेड़ा, जिसके बाद शावक को बाहर निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। टीम ने लगातार करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत की। आखिरकार टीम को सफलता मिली और नन्हे शावक को सुरक्षित गड्ढे से बाहर निकाल लिया गया।
ड्रोन कैमरे में कैद हुआ भावुक कर देने वाला मंजर
रेस्क्यू के बाद सबसे सुकून देने वाली तस्वीर तब सामने आई, जब नन्हा शावक दोबारा अपने हाथियों के झुंड में शामिल हो गया। शावक को सुरक्षित देखकर वन विभाग की टीम ने भी राहत की सांस ली। यह पूरी घटना ड्रोन कैमरे में कैद हुई है। हाथियों के झुंड के बेहद करीब रहकर रेस्क्यू करना वन विभाग की टीम के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था।