लॉगिन

नक्सलियों की एके-47 के आगे भी नहीं झुका कोसरोंडा गांव, आज हर घर से निकल रहे खाकी वर्दी वाले जवान

Chhattisgarh November 23, 2026 रिपोर्टर: shailesh
नक्सलियों की एके-47 के आगे भी नहीं झुका कोसरोंडा गांव, आज हर घर से निकल रहे खाकी वर्दी वाले जवान

नक्सलियों की एके-47 के आगे भी नहीं झुका कोसरोंडा गांव, आज हर घर से निकल रहे खाकी वर्दी वाले जवान

रायपुर : छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में एक समय ऐसा भी था, जब नक्सलियों का खौफ ग्रामीणों की जिंदगी पर भारी पड़ता था. कई गांवों में लोगों को संगठन में शामिल होने के लिए मजबूर किया जाता था, लेकिन कांकेर जिले के अंतागढ़ ब्लॉक का कोसरोंडा गांव इस दबाव के सामने नहीं झुका. पहाड़ों, नदियों और घने जंगलों के बीच बसे इस गांव ने हिंसा और मुश्किलों के बावजूद ऐसा रास्ता चुना, जिसने आज उसे ‘पुलिस गांव’ की पहचान दिला दी है.

यहां के कई युवा छत्तीसगढ़ पुलिस, बस्तर फाइटर्स, जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और अर्धसैनिक बलों में सेवाएं दे रहे हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, गांव के लगभग हर परिवार का कोई न कोई सदस्य पुलिस विभाग से जुड़ा हुआ है.

कोसरोंडा के निवासी और अंतागढ़ थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी मस्सूराम दर्रो के मुताबिक, पहले नक्सली गांव में पहुंचकर ग्रामीणों पर अपने संगठन में शामिल होने का दबाव बनाते थे. गांव के लोगों ने उनकी विचारधारा और गतिविधियों का समर्थन करने से इनकार कर दिया था.

इसका खामियाजा उन्हें हिंसा के रूप में भुगतना पड़ा. नक्सलियों ने ग्रामीणों को धमकाया और गांव के पांच लोगों की हत्या कर दी. हालात इतने बिगड़े कि कई परिवारों को अपना घर छोड़कर दूसरी जगह जाना पड़ा. इसके बावजूद ग्रामीणों ने नक्सलियों के सामने घुटने नहीं टेके.

बुजुर्गों की सीख से युवाओं ने चुनी खाकी वर्दी

गांव के बुजुर्गों ने युवाओं को हिंसा से दूर रहकर अपने भविष्य के लिए मेहनत करने की सीख दी. इसी प्रेरणा से युवाओं ने पुलिस में भर्ती होने का लक्ष्य बनाया और गुपचुप तरीके से इसकी तैयारी शुरू कर दी. धीरे-धीरे गांव के युवाओं का चयन होने लगा और एक के बाद एक कई लोगों ने वर्दी पहनकर सेवा का रास्ता चुना. शुरुआती सफलताओं ने दूसरी पीढ़ी के युवाओं को भी आगे बढ़ने का हौसला दिया.

इंस्पेक्टर से कांस्टेबल तक, कई पदों पर दे रहे सेवाएं

आज कोसरोंडा के युवा पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर, असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल समेत अलग-अलग पदों पर जिम्मेदारी निभा रहे हैं. इसके अलावा कई लोगों ने अर्धसैनिक बलों और दूसरे सरकारी विभागों में भी नौकरी हासिल की है. कभी नक्सली प्रभाव के लिए पहचाने जाने वाले इस इलाके में युवाओं की यह उपलब्धि गांव के बदलते माहौल और उनकी सोच को दर्शाती है.

‘मिशन रक्षा’ से युवाओं को मिल रही मुफ्त ट्रेनिंग

कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि कोसरोंडा के युवाओं ने नक्सली प्रभाव के दौर में भी देश सेवा का रास्ता चुना. अब इस परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए ‘मिशन रक्षा’ के तहत युवाओं को पुलिस भर्ती की मुफ्त ट्रेनिंग दी जा रही है. छुट्टियों में गांव लौटने वाले चयनित जवान भी भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन देते हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा युवा पुलिस और सुरक्षा बलों में शामिल हो सकें.

शारीरिक मानकों में छूट की उम्मीद से बढ़ा हौसला

गांव की नई पीढ़ी भी खाकी वर्दी पहनने का सपना देख रही है. कोसरोंडा के चमरू राम कावड़ू ने बताया कि वह 12वीं तक पढ़ाई कर चुके हैं और लगातार पुलिस भर्ती के लिए प्रयास कर रहे हैं. कम ऊंचाई के कारण उन्हें अब तक सफलता नहीं मिली है. हालांकि, आदिवासी युवाओं के लिए शारीरिक मानकों में छूट मिलने की खबर से उनकी उम्मीदें बढ़ी हैं.

कोसरोंडा की कहानी बताती है कि हिंसा और भय के बीच भी शिक्षा, मेहनत और सही मार्गदर्शन के सहारे नई राह बनाई जा सकती है. गांव के युवाओं ने नक्सलवाद के दबाव के आगे झुकने के बजाय देश सेवा को चुना और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक नई मिसाल कायम की.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds