रायपुर : प्रवर्तन निदेशालय ने शराब घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई की है. छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल पर शिकंजा कसा है. दुर्ग जिले के कुम्हारी में स्थित विट्ठल ग्रीन कॉलोनी के 30 प्लॉटों और फ्लैट को सीज कर लिया है. ईडी के अधिकारियों ने कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया है.
ईडी की ओर से क्या कहा गया?
ईडी की ओर से बताया गया है कि न्याय निर्णायक प्राधिकरण ने इसी साल में कुर्की के अस्थायी आदेश दिए थे. इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए विट्ठल ग्रीन सोसायटी को अपने कब्जे में ले लिया है. इस प्रोजेक्ट में कई आवासीय प्लॉट शामिल हैं. जांच एजेंसी ने दावा किया है कि क शराब घोटाले से जुटाए गए 18.9 करोड़ रुपयों को रियल एस्टेट के कारोबार में निवेश किया गया. इस प्रॉपर्टी की कीमत 26.43 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इसमें जमीन की कीमत करीब 9.49 करोड़ और उस पर बनी संरचना की कीमत लगभग 16.95 करोड़ रुपये है.
मनी लॉन्ड्रिंग के तहत मामला दर्ज
ED की जांच में सामने आया है कि 3 हजार करोड़ रुपये के शराब घोटाले में चैतन्य बघेल सक्रिय थे. इस स्कैम से मिली रकम का इस्तेमाल प्रॉपर्टी खरीदने में किया गया और रियल एस्टेट में निवेश किया गया. चैतन्य बघेल पर आरोप है कि उन्होंने अवैध तरीके से पैसों का लेन-देन किया. इसके साथ ही रियल एस्टेट के कारोबार में निवेश किया. इसी आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में कार्रवाई दर्ज की है.
ईडी ने 10 नवंबर 2025 को चैतन्य बघेल से जुड़ी प्रॉपर्टीज को अस्थायी तौर पर कुर्क करने का आदेश दिया था. इसके बाद PMLA के न्याय निर्णायक प्राधिकरण में 8 दिसंबर 2025 को शिकायत दर्ज की गई. प्राधिकरण ने ईडी की कार्रवाई को सही ठहराया. 23 मार्च 2026 को आदेश जारी किया गया और संपत्तियों की कुर्की को मंजूरी दी गई.