रायपुर। राजधानी रायपुर के अग्रसेन धाम चौक पर आधी रात तेज रफ्तार स्कोडा कार और बलेनो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बलेनो चला रहे 60 वर्षीय नरेद्र सिंह भसीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है।
शादी से लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, श्याम नगर निवासी परिवार नया रायपुर में अपनी भतीजी की शादी में शामिल होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान अग्रसेन धाम चौक पर स्कोडा कार ने उनकी बलेनो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग चालक की जान चली गई और महिला व दोनो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्कोडा सवार चार युवक कार छोड़कर फरार
हादसे में स्कोडा कार में सवार युवक भी घायल हुए। घटना के बाद चारों युवक कार छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने स्कोडा कार जब्त कर ली है और मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में घटना को ड्रंक एंड ड्राइव से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।