रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में अब पोस्टर वार तेज हो गया है। भाजपा ने सोशल मीडिया पर एक के बाद एक पोस्ट जारी कर कांग्रेस पर निशाना साधा है। दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन से लेकर भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रभारी स्मृति इरानी के हालिया दौरे और बैठको तक को लेकर दोनों दलों के बीच सियासी बयानबाजी जारी है। भाजपा ने पोस्टरों के जरिए कांग्रेस पर तंज कसते हुए उसकी राजनीतिक रणनीति और कार्यकर्ताओ की भागीदारी को लेकर सवाल उठाए है।
दिल्ली प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर तंज
भाजपा की ओर से जारी एक सोशल मीडिया पोस्ट में कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन को लेकर कटाक्ष किया गया है। इसमे छत्तीसगढ़ कांग्रेस से अपने कार्यकर्ताओं को दिल्ली भेजने की बात कहते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एक बयान का जिक्र किया गया है। भाजपा के पोस्ट में ‘तुम नहीं आओगे, तो तुम्हारा बाप आएगा’ जैसी पंक्ति का इस्तेमाल करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा गया है। इसके जरिए भाजपा ने त्योहार के दौरान दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर तंज कसा है।
स्मृति इरानी के दौरे पर भी पोस्टर पॉलिटिक्स
भाजपा ने एक अन्य पोस्टर में पार्टी की छत्तीसगढ़ प्रभारी स्मृति इरानी के दौरे और संगठनात्मक बैठको का जिक्र किया है। भाजपा ने दावा किया कि इन बैठकों में पार्टी पदाधिकारियों और नेताओं को आगे की राजनीतिक लड़ाई के लिए जीत का मंत्र मिला है। इसी बहाने भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए दावा किया कि वह हार के डर से बौखलाई हुई है और अब भाजपा से जीत का मंत्र पूछ रही है। भाजपा ने अपने पोस्ट में कांग्रेस को लेकर दीवार पर सिर पीटने को मजबूर होने जैसी टिप्पणी भी की है।

खड़गे और दीपक बैज को लेकर भी पोस्टर जारी
पोस्टर वार यहीं नहीं रुका। भाजपा ने एक और पोस्टर जारी किया है, जिसमे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को फोन पर बातचीत करते हुए दिखाया गया है। इस पोस्टर के जरिए भी भाजपा ने कांग्रेस की दिल्ली में होने वाली राजनीतिक गतिविधियों और छत्तीसगढ़ से कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर कटाक्ष किया है।
सोशल मीडिया पर तेज हुई सियासी जग
स्मृति इरानी के छत्तीसगढ़ दौरे के बाद से प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। अब यह सियासी लड़ाई सोशल मीडिया पोस्ट और पोस्टरों तक पहुंच गई है। भाजपा अपने पोस्टरों के जरिए कांग्रेस पर हमलावर है, जबकि प्रदेश की राजनीति में आने वाले कार्यक्रमों और प्रदर्शनों को लेकर दोनों दलों के बीच जुबानी जंग और तेज होने के संकेत है।