अबिकापुर। कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मी ही जब अपनी ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने लगे, तो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। छत्तीसगढ़ के अबिकापुर में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहाँ दुर्ग जिले से कैदी को अंबिकापुर जेल में शिफ्ट करने आए एक सहायक उपनिरीक्षक और आरक्षक कथित तौर पर शराब के नशे में धुत मिले।
वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया संज्ञान
हैरानी की बात यह है कि, दोनों पुलिसकर्मी अपनी इन्सास राइफल भी लावारिस हालत में छोड़ गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची बस स्टैंड चौकी पुलिस ने राइफल को अपने कब्जे में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने भी संज्ञान लिया है।
प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास नशे में मिले पुलिसकर्मी
मिली जानकारी के मुताबिक, दोनो पुलिसकर्मी दुर्ग जिले में पदस्थ है और एक कैदी को अंबिकापुर जेल में शिफ्ट करने के लिए आए थे। इसी दौरान वे प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास कथित तौर पर शराब के नशे में धुत हालत मे पड़े मिले। उनकी स्थिति और मौके पर INSAS राइफल लावारिस हालत में होने से आसपास के लोगों में चिंता बढ़ गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगो ने मामले की सूचना बस स्टैंड चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लावारिस हालत में मिली INSAS राइफल को अपने कब्जे में ले लिया। हथियार जैसी संवेदनशील चीज को इस तरह छोड़ने की घटना ने पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी और सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए है।