लॉगिन

सिंगापुर से रायपुर लौटे सीएम साय, ढोल-नगाड़ों से स्वागत, बोले – सफल रहा दौरा, छत्तीसगढ़ को मिले ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव

Chhattisgarh October 7, 2026 रिपोर्टर: shailesh
सिंगापुर से रायपुर लौटे सीएम साय, ढोल-नगाड़ों से स्वागत, बोले – सफल रहा दौरा, छत्तीसगढ़ को मिले ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव

सिंगापुर से रायपुर लौटे सीएम साय, ढोल-नगाड़ों से स्वागत, बोले – सफल रहा दौरा, छत्तीसगढ़ को मिले ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव

रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर के तीन दिवसीय दौरे के बाद 6 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ लौट आए। रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने अपने दौरे की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सिंगापुर में आयोजित इंडिया ग्रोथ फोरम 2026 मे छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के सामने रखा गया। इस दौरान प्रदेश के लिए कुल ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। मुख्यमंत्री साय के अनुसार इन प्रस्तावों से छत्तीसगढ़ में निवेश के साथ रोजगार और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सिंगापुर के उद्योग जगत के कई प्रतिनिधियों से चर्चा के दौरान उन्हें छत्तीसगढ़ आने और प्रदेश में निवेश करने के लिए आमंत्रित भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंगापुर दौरे के दौरान एनर्जी कैपिटल ग्लोबल की ओर से छत्तीसगढ़ में ₹41,750 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव मिला है। यह पूरे निवेश प्रस्ताव में सबसे बड़ा हिस्सा है। इसके अलावा एग्री बिजनेस वैल्यू इंटरनेशनल ने करीब ₹350 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है। वहीं सन स्ट्रीम ग्रीन एनर्जी ने सोलर सेक्टर में करीब ₹1,500 करोड़ के निवेश की पेशकश की है। सन स्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्रदेश में सोलर सेक्टर के साथ बैटरी स्टोरेज और उससे जुड़े कंपोनेंट के क्षेत्र में काम करेगी। इससे प्रदेश में रिन्यूएबल एनर्जी और स्टोरेज से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि IT एजुकेशन सर्विस के साथ भी एमओयू किया गया है। उन्होंने संस्था के IT परिसर का दौरा कर वहां के कौशल विकास मॉडल को देखा। मुख्यमंत्री के मुताबिक यह मॉडल विश्व स्तर पर कौशल विकास के क्षेत्र में पहचान रखता है। निवेश प्रस्तावों के जमीन पर उतरने को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार कंपनियों के साथ किसी भी एमओयू को करने से पहले पूरी जांच-परख कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि सिंगापुर दौरे के दौरान मिले निवेश प्रस्ताव केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि इन्हें छत्तीसगढ़ में धरातल पर उतारा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों का लाभ प्रदेश की जनता को मिले और रोजगार के अवसर पैदा हों, सरकार इस दिशा में काम करेगी।

प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल पूरे होने पर ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम

सिंगापुर दौरे के अलावा मुख्यमंत्री ने बीजेपी के सेवा ज्योति कार्यक्रम को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी।  इस अवसर को लेकर देशभर में 13 तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें सेवा ज्योति कार्यक्रम भी शामिल है। प्रधानमंत्री देशवासियों को संबोधित करेंगे और उनके संबोधन को सभी जिला मुख्यालयों पर सुना जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर को देशवासियों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री को आशीर्वाद दिया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के तहत सेवा के क्षेत्र में जो ज्योति जलाई है, उसे आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds