धमतरी। ग्राम मोहारा में आयोजित पितर कार्यक्रम से लौट रहा एक परिवार रास्ते मे हुए भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। अरमरीकला और सनौद के बीच सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पिता और उनके 12 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर हादसे में बाल-बाल बच गया।
कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सनौद थाना क्षेत्र के ग्राम कचराबांधा निवासी अनोन कुमार (12) अपने पिता और भाई के साथ 4 अक्टूबर को ग्राम मोहारा गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तीनो एक ही बाइक से अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अरमरीकला और सनौद के बीच उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
अस्पताल पहुंचते ही पिता बेटे ने तोड़ा दम
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनो घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत एंबुलेस की मदद से सभी को जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया अस्पताल में डॉक्टरों ने पिता और 12 वर्षीय अनोन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। दुर्घटना में शामिल बाइक और ट्रक को कब्जे में लेकर घटना की जांच की जा रही है। एक ही परिवार के पिता और बेटे की मौत से ग्राम कचराबांधा में शोक का माहौल है।