रायपुर : बिश्नोई गैंग के नाम पर रायपुर के कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ की रंगदारी मांगने वाले आरोपी शोएब ढेबर के केस में बड़ा अपडेट सामने आ रहा है. एक तरफ, जहां आरोपी पुलिस की गिरफ्त से अब भी बाहर है वहीं दूसरी तरफ, पुलिस ने आरोपी शोएब ढेबर पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है. पुलिस ने अपने आदेश में लिखा है कि, आरोपी शोएब ढेबर लगातार पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदलकर फरार चल रहा है. पुलिस ने कहा है कि शोएब ढेबर की गिरफ्तारी या गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले व्यक्ति को इनाम दिया जाएगा.
यह है पूरा मामला
इससे पहले 14 सितंबर को कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को वॉट्सएप के जरिए विदेशी नंबर से धमकी दी गई थी. आनंद कुकरेजा को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर फोन कर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी.जांच में शोएब ढेबर की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था. लेकिन जमानत मिलने पर उसे छोड़ दिया गया.इसके बाद पुलिस ने दोबारा कोर्ट से उसकी गिरफ्तारी की अनुमति ली. तब से शोएब ढेबर फरार है.
पुलिस विभाग से लीक हुई जानकारी ?
शोएब के फरार होने के बाद से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है. खबर आ रही है कि, पुलिस ने अपने ही एक आरक्षक पर कार्रवाई की है. एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट में पदस्थ आरक्षक शिवम द्विवेदी पर विभाग द्वारा लाइन अटैच कर दिया गया है. पुलिस इस मामले को लेकर तेजी से कार्रवाई कर रही है. शिवम पर पुलिस की दबिश से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक होने में लापरवाही बरतने का आरोप है
दूसरे राज्य में जांच शुरू
रायपुर पुलिस को अब शोएब के दूसरे राज्य में जाने की भी आशंका है. पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.पुलिस उसके बारे में जानकारी जुटा रही है. टीमें दूसरे राज्यों में भी उसके संभावित ठिकानों को लेकर जानकारी जुटा रही हैं.
बताते चलें कि, कोर्ट से दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने शोएब की तलाशी में तेजी से जुट गई है. जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को वाट्सऐप के जरिए 25 करोड़ रुपए देने की धमकी दी गई थी. जांच में शोएब ढेबर की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था, बाद में छोड़ना पड़ा था.